गाजियाबाद के स्कूलों में गुणवत्ता की नई पहल, हर बच्चा बनेगा निपुण

-मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की सख्ती और संवेदनशीलता के साथ शिक्षा सुधार का रोडमैप तय

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा के विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और आगामी महीनों के लिए ठोस कार्य योजनाओं की रूपरेखा तय की गई। बैठक का केंद्रबिंदु रहा संघर्षशील विद्यालयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, सहयोगात्मक पर्यवेक्षण को और अधिक सक्रिय बनाना। बैठक में जिला समन्वयक निर्माण विश्वास गौतम द्वारा निर्माणाधीन भवनों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। विद्यालयों में कायाकल्प कार्यों के शेष तीन प्रतिशत गैप को शीघ्र दूर करने के लिए जिला पंचायती राज अधिकारी के सहयोग से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी जारी हुआ।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वह स्वयं अगले माह के पहले सप्ताह में मॉडल स्कूलों का निरीक्षण करेंगे और निरीक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरीक्षण टास्क फोर्स से विस्तृत रिपोर्ट की अपेक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद टास्क फोर्स के सभी सदस्य अपनी मासिक बैठक में अनिवार्य रूप से भाग लें और अपने निरीक्षणों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित करें। साथ ही उन्होंने कक्षा एक से तीन तक के छात्रों पर विशेष ध्यान देने और वर्षांत तक सभी विद्यालयों को निपुण बनाने का लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। अभिनव गोपाल ने एकेडमिक टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि संघर्षशील विद्यालयों की सूची बनाकर उनमें नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक एआरपी, एसआरजी और खंड शिक्षा अधिकारी को एक-एक विद्यालय गोद लेना है।

इस पहल में स्वयं मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओपी यादव ने भी भागीदारी दिखाई। छात्र नामांकन से जुड़ी आधार कार्ड की समस्याओं के निस्तारण के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने ब्लॉक के एसडीएम से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने श्री ओपी यादव की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उन्हें एक प्रेरणात्मक पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर एफएलएन और एनसीईआरटी पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए एसआरजी पूनम शर्मा, विनीता त्यागी और देवांकुर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में लोनी विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय गढ़ी कटैया की शिक्षिका रूबी शर्मा द्वारा तैयार की गई ई-मैगजीन “ज्ञाना” का लोकार्पण किया गया। इस सराहनीय प्रयास के लिए रूबी शर्मा को सभी ने शुभकामनाएं दीं और मुख्य विकास अधिकारी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक विद्यालय में ऐसी रचनात्मक पत्रिकाएं प्रकाशित होनी चाहिए। बैठक में डीपीओ श्रीमती शशि वार्ष्णेय, खंड शिक्षा अधिकारीगण, जिला समन्वयक, एसआरजी, निपुण सेल, संपर्क संस्था के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।