हर घर तिरंगा, हर मन में देशभक्ति!

  • स्वतंत्रता दिवस 2025 को लेकर तैयारियां चरम पर
  • डीएम की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के साथ भव्य आयोजन की योजना तैयार

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद एक बार फिर राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने को तैयार है। आगामी 15 अगस्त को आजादी के 78वें सालगिरह को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में शिक्षा विभाग और जिले के विभिन्न बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस समीक्षा बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को अधिक जीवंत, समावेशी और जनांदोलन स्वरूप देने की विस्तृत योजना बनाई गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 2 से 15 अगस्त 2025 तक “हर घर तिरंगा” अभियान को न सिर्फ घरों, बल्कि विद्यालयों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुँचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए श्रद्धांजलि, और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर है। जिलाधिकारी ने पूरे कार्यक्रम को एक सुव्यवस्थित, सुसंगठित और रचनात्मक श्रृंखला में बाँटते हुए निम्न गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। 8 अगस्त को सभी स्कूलों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, राखी निर्माण कार्यशाला, निबंध, कविता और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

विद्यालयों की दीवारों, सूचना पटों और कक्षाओं को तिरंगे की प्रेरणा से सजाया जाएगा। 11 अगस्त को तिरंगा महोत्सव के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। 12 अगस्त को विद्यालयों के एनसीसी, स्काउट और एनएसएस से जुड़े छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। 13 अगस्त को पूरे जनपद में विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। इस दिन सभी स्कूल भवनों को तिरंगा लाइटिंग से जगमग किया जाएगा।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष चित्र प्रदर्शनी आयोजित कर विद्यार्थियों को उस दौर की पीड़ा, संघर्ष और इतिहास से परिचित कराया जाएगा। 15 अगस्त को पूरे उत्साह, सम्मान और जोश के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। झंडारोहण, राष्ट्रगान, और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के अलावा सभी छात्र, शिक्षक और अभिभावक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर  https://harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड करेंगे। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे इस अभियान में पूरी ऊर्जा, सहभागिता और रचनात्मकता से जुड़ें, ताकि यह महाअभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर हर नागरिक का व्यक्तिगत उत्सव बन सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढिय़ों को ना केवल राष्ट्रभक्ति सिखाएगा, बल्कि भारत के गौरवशाली इतिहास को भी जीवंत बनाएगा।