डीएम ने जनसुनवाई में दी आमजन को सुनवाई की गारंटी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
हर शिकायतकर्ता की बात सुनी जाए, समझी जाए और मिले संतोषजनक समाधान: रविन्द्र कुमार माँदड़
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता और प्रार्थी अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिले। नवनियुक्त डीएम को जनपदवासियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया, जिसका उन्होंने विनम्रतापूर्वक आभार प्रकट किया। जनसुनवाई के दौरान डीएम माँदड़ ने समस्त उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई व्यक्ति जब अपनी रोजमर्रा की व्यस्तता छोड़कर शिकायत लेकर आता है, तो वह न्याय की उम्मीद और विश्वास लेकर आता है। उस विश्वास का सम्मान करना प्रशासन की नैतिक जि़म्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक संवेदनशील दायित्व है, जिसे पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ निभाना होगा। डीएम ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया कि हर शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना जाए। समस्या की गहराई से समझ बनाकर ही समाधान की ओर बढ़ें। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो ताकि शिकायतकर्ता को दोबारा भटकना न पड़े। समाधान के बाद फीडबैक भी लिया जाए ताकि संतोष स्तर का मूल्यांकन हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ निस्तारण दिखाने के लिए कार्यवाही करना अस्वीकार्य है। हमें लोगों के विश्वास को टूटने से बचाना है, और इसके लिए गंभीरता से हर समस्या का निवारण ज़रूरी है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में केवल कुछ गिने-चुने लोगों को नहीं, बल्कि आखिरी व्यक्ति तक की सुनवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रार्थी को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसे नजरअंदाज किया गया। प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब अंतिम व्यक्ति की भी पुकार सुनी जाए। यह जनसुनवाई न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम रही, बल्कि एक सकारात्मक प्रशासनिक सोच का परिचायक भी बनी, जिसमें प्रत्येक नागरिक के सम्मान, उसकी शिकायत और उसके विश्वास को सर्वोपरि माना गया। डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ के स्पष्ट और मानवोचित दृष्टिकोण से यह संदेश गया कि गाजियाबाद का प्रशासन अब न केवल तकनीकी रूप से दक्ष होगा, बल्कि संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह भी रहेगा।
















