-सरना-बसंतपुर सैंतली में 48 हजार वर्गमीटर में फैली तीन कॉलोनियां जमींदोज
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अनाधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर की गई, जो अवैध निर्माणों और बगैर अनुमति की कॉलोनी कटान के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में, सहायक अभियंता विनय कुमार, अवर अभियंता योगेश वर्मा और राजन सिंह की टीम ने त्रष्ठ्र पुलिस बल और मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में करीब 48,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली कॉलोनियों पर बुलडोजर चलवाया।
ग्राम सरना के खसरा संख्या 1533, 1530, 1308, 1256, 1258, 1273 और 1275 में आजाद पुत्र कल्लू द्वारा लगभग 20 बीघा में अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। वहीं रविन्द्र सिरोही द्वारा ग्राम नवीपुर मुरादनगर के खसरा संख्या 35 में 8500 वर्गमीटर में बनाई गई सड़कें और भवन ढहा दिए गए। इसके अतिरिक्त बसंतपुर सैंतली के खसरा संख्या 20 में करीब 20 हजार वर्गमीटर में हो रही कॉलोनी निर्माण को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यहां सड़कें, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस, कमरे और इंटरलॉकिंग टाइल्स का निर्माण हो चुका था।
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध जताने की कोशिश की, मगर जीडीए पुलिस बल और प्रवर्तन टीम ने मौके पर नियंत्रण बनाकर लाठियां फटकारते हुए असामाजिक तत्वों को खदेड़ दिया। ओएसडी राजीव रतन सिंह ने साफ कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी महीनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स लगातार प्रवर्तन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और टीमों को निर्देशित कर चुके हैं कि किसी भी कीमत पर गाजियाबाद को ‘अवैध कॉलोनी मुक्त’ बनाना है।















