रोज बेल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला

-विशेषज्ञों ने छात्रों को सिखाए धन प्रबंधन, बचत और निवेश के गुर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बदलते दौर में वित्तीय साक्षरता को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने के उद्देश्य से विजयनगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में शनिवार को कक्षा 11वीं और 12वीं (कॉमर्स संकाय) के छात्रों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ प्राध्यापक सीए (डॉ.) एन. एन. पांडे और सीएमए (डॉ.) अमित कुमार अरोड़ा ने किया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि धन प्रबंधन, बचत की आदत और शुरुआती उम्र में निवेश जीवन में आर्थिक स्थिरता और सफलता की कुंजी हैं। डॉ. पांडे और डॉ. अरोड़ा ने छात्रों को उदाहरणों और व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से समझाया कि यदि समय रहते वित्तीय आदतें विकसित कर ली जाएं, तो भविष्य सुरक्षित और सुनहरा बनाया जा सकता है।

कार्यशाला में छात्रों को बताया गया कि बचत केवल पैसे इकठ्ठा करना नहीं है, बल्कि उसे सही जगह निवेश करना और समझदारी से खर्च करना ही वास्तविक वित्तीय समझ है। छात्रों ने न केवल ध्यानपूर्वक सीखा बल्कि उत्साहपूर्वक सवाल भी पूछे। विशेषज्ञों ने उन्हें मनी मैनेजमेंट, बजट प्लानिंग, रिस्क मैनेजमेंट और डिजिटल निवेश साधनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। रोज बेल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अकादमिक्स यशमीत सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय साक्षरता की शुरुआत बचपन से ही होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि छात्र अभी से बचत और निवेश की आदत डाल लें, तो आने वाले समय में उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता और सफलता हासिल करने में किसी तरह की कठिनाई नहीं होगी। पूरी कार्यशाला छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक और प्रेरणादायी रही। छात्रों ने इसमें सक्रिय भागीदारी करते हुए यह अनुभव साझा किया कि इस कार्यशाला ने उन्हें पैसे के महत्व को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर दिया।