जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के हाथ

-देश के 70वें एयरपोर्ट की सुरक्षा में 1047 जवान, पहले चरण में 128 जवानों ने संभाला कार्यभार

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जिम्मे सौंप दी गई है। सोमवार को एयरपोर्ट सुरक्षा का औपचारिक हैंडओवर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह देश का 70वां एयरपोर्ट है, और इसके संचालन और सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका अहम होगी। एयरपोर्ट पर कुल 1047 सीआईएसएफ जवान तैनात होंगे। पहले चरण में सोमवार को 128 जवानों ने अपने-अपने पोस्ट संभाले। आने वाले समय में सुरक्षा की जरूरत और एयरपोर्ट के बढ़ते संचालन के हिसाब से जवानों की संख्या में वृद्धि की जाएगी।

जवान एयरपोर्ट के टर्मिनल, रनवे, कंट्रोल रूम, कार्गो क्षेत्र और यात्रियों की आवाजाही वाले सभी हिस्सों में तैनात होंगे। सीआईएसएफ की हाई-टेक सुरक्षा प्रणाली किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि, आपराधिक वारदात या अनाधिकृत प्रवेश को रोकने में सक्षम होगी। एयरपोर्ट पर बॉडी स्कैनर, स्मार्ट कैमरे, ड्रोन मॉनिटरिंग सिस्टम और बायोमेट्रिक एक्सेस जैसी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सीआईएसएफ की जिम्मेदारी में यात्रियों और स्टाफ की स्क्रीनिंग, एक्सेस कंट्रोल, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और इमरजेंसी रिस्पॉन्स शामिल है। इस कदम से एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर कोई भी कमी नहीं रहेगी।

निर्माण और ऑपरेशन की तैयारियां
जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल पूरी तरह तैयार हो गया है। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय माल के आयात और निर्यात के लिए सक्षम होगा। पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया की एयरलाइंस के साथ उड़ानों के लिए करार किया जा रहा है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफर श्नेलमैन ने कहा कि एयरपोर्ट का 90 फीसदी से अधिक निर्माण पूरा हो गया है। हम वर्ष के अंत तक इसे पूरी तरह से ऑपरेशनल बनाने के लिए तैयार हैं।

नियाल के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सीआईएसएफ की तैनाती जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल सुरक्षा सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों और कर्मचारियों को सुरक्षा का भरोसा देने वाला एक बड़ा कदम भी है। हमारी कोशिश है कि एयरपोर्ट संचालन के हर पहलू में उच्चतम सुरक्षा मानक लागू हों। सुरक्षा और संचालन के आधुनिक तकनीकी उपायों के साथ, जेवर एयरपोर्ट देश के सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक एयरपोर्ट्स में से एक बनेगा।

विशेषज्ञों की निगरानी
इस अवसर पर विशेष महानिदेशक हवाई अड्डे प्रवीर रंजन, सेंथिल अवूदई कृष्णा आर, नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, संजय कटारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और संचालन के सभी पहलुओं की लगातार निगरानी की जाएगी। सीआईएसएफ की तैनाती और आधुनिक तकनीक के उपयोग से जेवर एयरपोर्ट न केवल स्थानीय यात्रियों के लिए बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी सुरक्षित और भरोसेमंद बनेगा। इसके साथ ही यह क्षेत्र के रोजगार और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।