सरकारी स्कूलों में शिक्षा और जागरूकता का नया अध्याय, जिला पूर्ति विभाग के प्रयास से बढ़ी जागरूकता

-अमित तिवारी और उनकी टीम ने शिक्षा के महत्व और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में निभाई अहम भूमिका

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं। यही विचार गाजियाबाद जिले में शिक्षा और जन जागरूकता को नई दिशा देने के लिए जिला पूर्ति विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा व्यवहार में उतारा जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के समावेशी शिक्षा अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में हर माह आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) अब बच्चों और उनके परिवारों के लिए शिक्षा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम बन गई है। जिले में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी और उनकी टीम हर माह पीटीएम में उपस्थित होकर बच्चों और उनके अभिभावकों से संवाद कर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाल रही हैं। इस अवसर पर उन्हें केवल बच्चों की पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का सही लाभ लेने, राशन कार्ड का उपयोग और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का भी कार्य करना होता है। गाजियाबाद में कई ऐसे परिवार हैं, जो अन्य राज्यों से आए हैं। इन परिवारों के पास तो राशन कार्ड है, लेकिन जानकारी के अभाव में वे सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

जिला आपूर्ति विभाग की टीम इन्हें यह समझाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है कि किस प्रकार अपने राशन कार्ड और अन्य योजनाओं का उपयोग करके वे अपने जीवन और बच्चों के भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
जिले में जिला आपूर्ति विभाग ने कुल नौ स्कूलों को गोद लिया है। इनमें पांच स्कूल जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की देखरेख में हैं। इन स्कूलों में कम्पोजिट स्कूल बंधला-लोनी, प्राइमरी स्कूल बंथला नंबर-1 लोनी, पीएस जावली नंबर-2, यूपीएस टीला शाहवाजपुर और पीएस टीला नंबर-2 शामिल हैं। वहीं, ट्रांस हिंडन क्षेत्र में जिला पूर्ति निरीक्षक नूर फातिमा की देखरेख में प्राथमिक स्कूल बोंझा को गोद लिया गया है। इन स्कूलों में अधिकारियों की टीम न केवल बच्चों की पढ़ाई, पोशाक और ड्रेस, बल्कि उनके खानपान, स्वास्थ्य और संपूर्ण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी अभिभावकों को जानकारी देती है।

पीटीएम के दौरान अधिकारियों का संवाद बच्चों और उनके माता-पिता को जागरूक करता है और शिक्षा के महत्व को समाज में बढ़ावा देता है। शनिवार को प्राइमरी स्कूल बंथला-1 लोनी में आयोजित पीटीएम में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह हथियार है जो बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बना सकती है। बिना शिक्षा जीवन अंधकारमय है। हम चाहते हैं कि माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाएं और उन्हें हर अवसर पर प्रोत्साहित करें। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा की अहमियत को हर घर तक पहुँचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। अमित तिवारी ने अभिभावकों से यह भी अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करें और उन्हें यह संदेश दें कि शिक्षा बच्चों का भविष्य संवारने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है।

जिला पूर्ति विभाग की यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सरकारी योजनाओं के लाभों के प्रति परिवारों को जागरूक करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। अधिकारियों की सक्रियता ने बच्चों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति विश्वास और उत्साह बढ़ाया है। उनके मार्गदर्शन में बच्चे अपने भविष्य के लिए अधिक प्रेरित हुए हैं, और अभिभावक बच्चों की पढ़ाई और विकास में अधिक सहयोगी बने हैं। इस प्रकार गाजियाबाद जिले में जिला पूर्ति विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल यह साबित करती है कि शिक्षा केवल स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति रखती है। जिले में चल रही यह पहल आने वाले समय में शिक्षा के स्तर को और ऊंचाई तक ले जाने में सहायक होगी।