-2 अक्टूबर को शराब और भांग-ताड़ी की सभी दुकानें बंद, होटल और बार में परोसा नहीं जाएगा शराब, निरीक्षक करेंगे सघन चेकिंग
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। 2 अक्टूबर का दिन इस वर्ष विशेष महत्व रखता है। एक ओर देशभर में महात्मा गांधी जयंती मनाई जाएगी, वहीं उसी दिन विजयदशमी (दशहरा) का पर्व भी बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। चूंकि यह राष्ट्रीय अवकाश है, इसलिए पूरे उत्तर प्रदेश में सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। साथ ही, आबकारी विभाग ने इस दिन पूरे प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत बार अनुज्ञापन, बीडब्ल्यूएफएल 2, 2बी, 2सी, सीएल2, एफएल2, एफएल2बी, एफएल16/17, एफएल8/9/9ए, सीसीडी डिपो सहित थोक और खुदरा मदिरा बिक्री से जुड़े सभी संस्थान बंद रहेंगे। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 2 अक्टूबर को पूरे जिले में देशी, अंग्रेजी शराब, बीयर और वाइन शॉप पूरी तरह बंद रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिन किसी भी होटल, बार, रेस्तरां या क्लब में शराब परोसने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा भांग और ताड़ी की दुकानें भी पूरी तरह बंद रहेंगी।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गांधी जयंती और विजयदशमी दोनों पर्वों के मद्देनज़र पूरे जिले में शराब की दुकानों पर ताले लटकेंगे। निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्त करेंगे और शत-प्रतिशत बंदी सुनिश्चित करेंगे। यदि कोई भी दुकान, बार या होटल नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निरस्तीकरण, जुर्माना और कानूनी मुकदमा दर्ज करना शामिल है। उन्होंने बताया कि शराबबंदी का मुख्य उद्देश्य यह है कि लोग त्योहार और राष्ट्रीय दिवस को अनुशासित, सुरक्षित और सामाजिक सद्भाव के साथ मना सकें।
आबकारी विभाग ने इस बात पर जोर दिया कि 2 अक्टूबर को पूरे जिले में कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग-ताड़ी की दुकानें और सीसीडी डिपो सहित सभी थोक और खुदरा मदिरा विक्रेता सख्ती से नियमों का पालन करें। जिला आबकारी अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षक अपनी गश्त बढ़ाएं, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सूबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस बार 2 अक्टूबर के दिन बड़े पैमाने पर सार्वजनिक कार्यक्रम, रावण दहन और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों का आनंद शांति, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के साथ लें।
जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी का पालन केवल नियम नहीं बल्कि सुरक्षा और सामाजिक अनुशासन सुनिश्चित करने का कदम है। उनका कहना है कि हमारा लक्ष्य है कि किसी भी नागरिक, विशेषकर युवा और बच्चे, पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। अवकाश और पर्वों के दौरान सभी को सुरक्षित और अनुशासित माहौल में त्योहार मनाने का अवसर मिले। इस तरह, गौतमबुद्ध नगर में 2 अक्टूबर को शराबबंदी का अभियान पूरी तरह सख्ती से लागू रहेगा और आबकारी विभाग द्वारा जारी किए गए आदेशों का हर लाइसेंसधारी को पालन करना अनिवार्य होगा।
















