त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, नंदग्राम पुलिस अलर्ट, एसीपी उपासना पांडेय ने पैदल गश्त कर लोगों से किया संवाद

-30 फुटा रोड पर पैदल गश्त, बाजार और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण, स्थानीय लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। त्योहारों के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नंदग्राम पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। रविवार को नंदग्राम सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उपासना पांडेय ने खुद पुलिस बल के साथ 30 फुटा रोड पर पैदल गश्त की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसीपी उपासना पांडेय ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों से संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी सक्रियता के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की उपस्थिति केवल अपराध को रोकने के लिए नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना को मजबूत करने के लिए भी है।

गश्त के दौरान एसीपी उपासना पांडेय ने बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाके, धार्मिक स्थल और मुख्य चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों और आमजन से कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून के खिलाफ जाने का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों को शांति, सौहार्द और एकता के साथ मनाएं। स्थानीय नागरिकों ने एसीपी उपासना पांडेय की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि अधिकारी का क्षेत्र में उतरकर सीधे संवाद करना न केवल भरोसा बढ़ाने वाला कदम है, बल्कि इससे नागरिकों में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी इस तरह की पैदल गश्त और संवाद मुहिम जारी रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। नागरिकों ने कहा कि एसीपी उपासना पांडेय की सक्रियता और जनसंपर्क ने नंदग्राम में पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर और मजबूत कर दी है। इस पहल से यह स्पष्ट हुआ कि नंदग्राम पुलिस त्योहारों के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ नागरिकों के बीच सकारात्मक संवाद और विश्वास कायम करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।