- 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, महिलाओं को समय पर जांच और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी
- फिजियोथेरेपी मूवमेंट मेडली, बॉलीवुड जुम्बा और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम हुआ प्रभावशाली
- यशोदा हॉस्पिटल की टीम ने महिलाओं के लिए विशेष मैमोग्राफी कूपन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर दिया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। यशोदा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर द्वारा रविवार को ब्रैस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ के अवसर पर आयोजित पिंक वॉक के माध्यम से शहर में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश फैलाया। इस कार्यक्रम में लगभग 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर से जुड़ी जागरूकता को बढ़ावा दिया। पिंक वॉक की शुरुआत सुबह 6 बजे जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, राजनगर एक्सटेंशन से हुई और यह यशोदा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर तक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत फिजियोथेरेपी टीम द्वारा मूवमेंट मेडली से हुई, जिसने प्रतिभागियों को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने गुलाबी परिधानों में वॉक करते हुए ब्रैस्ट कैंसर जागरूकता का संदेश शहरवासियों तक पहुँचाया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के लिए बॉलीवुड जुम्बा सत्र आयोजित किया गया, जिसने वातावरण को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। साथ ही एक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं को संदेश दिया गया कि ब्रैस्ट कैंसर के प्रति डर और झिझक छोड़कर समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। यशोदा हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. राजत अरोड़ा ने कहा कि यशोदा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला व्यापक ब्रैस्ट केयर सेंटर है, जो अत्याधुनिक इलाज के साथ-साथ समय पर जांच और निदान की सुविधा भी प्रदान करता है। यशोदा हॉस्पिटल संजय नगर की ब्रैस्ट ऑन्को सर्जन डॉ. (सर्ज. लेफ्टिनेंट कमांडर) अनुश्री वर्तक ने कहा कि दुनिया भर में महिलाओं में होने वाले कैंसर से हर छठी मृत्यु ब्रैस्ट कैंसर से होती है।
40 वर्ष की आयु के बाद हर महिला को सालाना मैमोग्राम अवश्य करवाना चाहिए। यशोदा ग्रुप की उपाध्यक्ष डॉ. शशी अरोड़ा ने बताया कि अक्टूबर माह में महिलाओं के लिए विशेष मैमोग्राफी कूपन भारी छूट पर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं जांच करवाने के लिए प्रेरित हों। चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री अजय चौधरी ने कहा कि ब्रैस्ट कैंसर केवल रोगी को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इस पिंक वॉक का उद्देश्य समाज में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़े मिथकों को दूर करना है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को फ्री टी-शर्ट्स, रिफ्रेशमेंट्स और आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए। यह पिंक वॉक यशोदा हेल्थकेयर के सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है। यशोदा हॉस्पिटल ने इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया कि अब स्वस्थ रहेगी हर नारी, यशोदा ने ली है जिम्मेदारी।

















