-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्थलीय निरीक्षण कर पार्क की रूपरेखा को और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक और लाभदायक बनाने के निर्देश दिए
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में विकसित किए जा रहे भव्य बायोडायवर्सिटी पार्क की तैयारियां जोरों पर हैं। यह पार्क न केवल शहरवासियों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य का केंद्र बनेगा, बल्कि नगर निगम के लिए आय सृजन का भी एक स्थायी स्रोत साबित होगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को पार्क का स्थलीय निरीक्षण और प्रस्तावित सुविधाओं की प्रेजेंटेशन समीक्षा की, ताकि इसे और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक और आधुनिक बनाया जा सके।
60 एकड़ भूमि में विकसित होने वाले इस पार्क में जिपलाइन एक्टिविटी, फॉरेस्ट रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स बॉक्स पार्क, स्पिरिचुअल गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, फूड कोर्ट और स्काईवॉक एरिया जैसी अत्याधुनिक और मनोरंजन से भरपूर सुविधाएं शामिल की जाएंगी।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों का सटीक डॉक्यूमेंटेशन और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पार्क की डिजाइनिंग और निर्माण में कोई कमी न रह जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि पार्क का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। यह पार्क हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी, पर्यावरण के प्रति जागरूक और स्वास्थ्यवर्धक अनुभव प्रदान करेगा। पार्क में बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं एडवेंचर गतिविधियां होंगी, वहीं बुजुर्गों के लिए शांति और मनोरंजन के लिए विशेष क्षेत्र होंगे। साथ ही फॉरेस्ट रेस्टोरेंट और फूड कोर्ट से परिवारिक समय बिताने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसमें सभी नवीनतम सुझावों को शामिल किया जाएगा। पार्क में पर्यावरण शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नागरिक न केवल मनोरंजन का अनुभव लें, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझें।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्क शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ निगम के लिए आय का स्रोत भी होगा। यहां आयोजित गतिविधियां, फूड कोर्ट और एडवेंचर जोन से मिलने वाली आमदनी निगम के विकास कार्यों में निवेश की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद का यह बायोडायवर्सिटी पार्क शहर के हर नागरिक के लिए आनंद, स्वास्थ्य और शिक्षा का एक समृद्ध केंद्र बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाते हुए पार्क को शहरी जीवनशैली के अनुरूप आधुनिक, सुरक्षित और हर आयु वर्ग के लिए सुलभ बनाया जाए। भविष्य में यह पार्क न केवल गाजियाबाद के नागरिकों के लिए मनोरंजन और शिक्षा का प्रमुख स्थल बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आय सृजन का भी एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा। शहरवासियों को प्राकृतिक सौंदर्य, एडवेंचर, खेल और स्वास्थ्य सेवाओं का एक साथ अनुभव उपलब्ध होगा, जिससे यह पार्क गाजियाबाद का एक प्रमुख पर्यटन और स्थानीय मनोरंजन केंद्र बनकर उभरेगा।

















