जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने दी सख्त चेतावनी- भूमाफिया और प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

-जनसुनवाई के दौरान दिए सख्त निर्देश-  ‘सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं ‘
-गाजियाबाद में लागू है ग्रेप स्टेज-3, नियम तोड़ने वालों पर होगी त्वरित कार्यवाही

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन की भावना को साकार करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने एक-एक प्रार्थी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों नगर निगम, पुलिस, जीडीए, विद्युत, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आई शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनका मैदानी सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए और शिकायत निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने भूमाफिया और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी सरकारी संपत्ति—तालाब, पार्क, नदी किनारे, ग्रीन बेल्ट या अन्य सरकारी भूमि—पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि ऐसा पाया जाता है तो न केवल कब्जा करने वाले पर कार्रवाई होगी, बल्कि संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है, इसे हड़पने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का संकल्प है कि जिले की हर इंच सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

प्रदूषण पर जीरो टॉलरेंस- ग्रेप स्टेज-3 के पालन का निर्देश
श्री माँदड़ ने बैठक के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में भी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान की स्टेज-3 लागू है, अत: सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन न करे और किसी भी रूप में प्रदूषण फैलाने की कोशिश न करे। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई प्रदूषण फैलाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ चालान सहित कड़ी प्रशासनिक कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि वायु गुणवत्ता को सुधारना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है, इसलिए कोई भी संस्था या व्यक्ति नियमों से ऊपर नहीं है।

जनता का विश्वास हमारी ताकत है: जिलाधिकारी माँदड़
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनता की सेवा और विश्वास पर टिका है। हमारी प्राथमिकता है कि हर प्रार्थी को न्याय मिले और उसकी समस्या का समाधान ईमानदारी से किया जाए। जनसुनवाई का उद्देश्य केवल सुनना नहीं, बल्कि जनता को समाधान दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में की गई शिकायतों को फाइलों में दबाने की बजाय वास्तविक निस्तारण कर जनता का भरोसा जीतें। जनसुनवाई के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसमें एडीएम (एल/ए) श्री विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, आईएएस अधिकारी श्री अयान जैन सहित नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। सभी अधिकारियों को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनता से सीधे संवाद बनाए रखें और शिकायतों का समाधान गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें।