मतदाता सूची के शुद्धिकरण में सभी की भागीदारी ज़रूरी, बीएलए-बीएलओ मिलकर करें कार्य: रविन्द्र कुमार मॉंदड़

-विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 पर जिला निर्वाचन अधिकारी की बड़ी बैठक
-पते बदलने वाले मतदाताओं तक प्रपत्र नहीं पहुँच पा रहे, बीएलओ से तत्काल संपर्क करें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने के लिए महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद एक शहरी और अत्यधिक प्रवासी जनसंख्या वाला जिला है। बड़ी संख्या में मतदाता अपने पंजीकृत पते से स्थानांतरित होकर उसी क्षेत्र में किसी अन्य पते पर रह रहे हैं, जिसके कारण कई लोगों तक उनका गणना प्रपत्र नहीं पहुँच पा रहा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रत्येक मतदाता तत्काल अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करें और समय पर जमा करें। जिलाधिकारी ने सोसाइटी एसोसिएशन, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और मीडिया से अपील की कि वे गणना प्रपत्र भरने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग दें।

विशेषकर वसुंधरा, वैशाली और अन्य ऊँची सोसाइटियों में निवासरत लोगों तक प्रपत्र पहुँचाने और उनसे भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करने के लिए सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बीएलए को सक्रिय करें। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि बीएलओ ऐसे मतदाताओं-जो स्थायी रूप से बाहर चले गए हैं, मृतक हैं, दोहरे पंजीकरण में हैं अथवा जिनका नाम सूची में मिल नहीं रहा की अलग सूची तैयार कर रहे हैं। यह सूची मतदेय स्थलों पर चस्पा की जाएगी तथा राजनीतिक दलों के साथ भी साझा की जाएगी। राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि उनके बीएलए इस कार्य में पूर्ण सहयोग करें। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि 55-साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में 200 से कम गणना प्रपत्र डिजिटाइज होने वाले प्रत्येक 20 मतदेय स्थलों पर एक-एक पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इस प्रकार कुल 40 पर्यवेक्षण अधिकारियों को सक्रिय किया गया है ताकि प्रगति शीघ्रता से हासिल हो सके। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं एसआईआर के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इंदिरापुरम, आईटीएस समेत विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहराई से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत भी की और उनकी समस्याएँ पूछीं। मतदाताओं ने बताया कि बीएलओ उन्हें आवश्यक जानकारी दे रहे हैं और सहयोग भी कर रहे हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने एक बार फिर समस्त जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र भरना प्रत्येक मतदाता की अनिवार्य जिम्मेदारी है। इसे लेकर किसी प्रकार की ढिलाई या देरी न करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन तैयार की जा सके।