-पार्षद कुसुम मनोज गोयल के सहयोग से मतदाता सूची में जोड़ने- संशोधन के लिए हुआ आयोजन
-बीएलओ टीम ने मॉडर्न स्कूल व सेंट टेरेसा स्कूल में लगाया शिविर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वार्ड 72 कौशांबी-वैशाली में रविवार को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एक बड़ा कैंप आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह शिविर पार्षद कुसुम मनोज गोयल के सहयोग से सेक्टर-1 स्थित मॉडर्न स्कूल, कौशांबी, सेंट टेरेसा स्कूल तथा अन्य निर्धारित केंद्रों पर आयोजित हुआ। सुबह से ही शिविर में बड़ी संख्या में निवासी पहुँचे और नए मतदाता जोडऩे, नाम सुधार, पते में परिवर्तन, उम्र अपडेट सहित कई प्रकार के फॉर्म भरकर बीएलओ टीम को जमा किए।
बीएलओ द्वारा पूरे प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया गया ताकि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिविर के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेज़ सत्यापन तक में लोगों की मदद की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिव शंकर उपाध्याय, विनोद कुमार, गौरव गर्ग, नरेंद्र वर्मा, प्रहलाद सिंह, कामिनी भदौरिया, पूजा मेहरा, रेनू मल्होत्रा, विमल भट्ट और विमला चौधरी उपस्थित रहे और पूरे आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
मतदाता सूची पुनरीक्षण के इस कैंप में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में आए लोगों ने बताया कि पार्षद एवं प्रशासन के सहयोग से मतदाता-संबंधी कार्य बेहद सरल हो गए हैं, जिससे अधिक से अधिक नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल हो पा रहे हैं। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने शिविर की सफलता पर बीएलओ टीम, स्कूल प्रबंधन, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी होना लोकतंत्र की पहली जरूरत है और ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

















