महापौर सुनीता दयाल ने शहर में 2 करोड़ 11 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

-सड़कों और इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण से गाजियाबाद को मिलेगा आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित स्वरूप; जनता ने किए विकास प्रयासों की सराहना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विकास को नई रफ्तार देते हुए महापौर सुनीता दयाल ने शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में कुल 2 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों और इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्यों का विधिवत नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। सुबह से ही शुरू हुआ यह कार्यक्रम देर तक चलता रहा, जिसमें स्थानीय नागरिकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जनसमुदाय ने महापौर का जोरदार स्वागत करते हुए शहर को कब्जा-मुक्त, साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की प्रशंसा की। महापौर ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें मेरठ रोड से खेतान स्कूल होते हुए गढ़ी गाँव तक आरसीसी सड़क निर्माण, सरस्वती विहार की गली संख्या 4 में इंटरलॉकिंग, घुकना क्षेत्र की गली सुधार, राज नगर एक्सटेंशन स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने सड़क सुधार, बीएस कंपाउंड में इंटरलॉकिंग विकास एवं दीपक कॉलोनी में कई गलियों का नवीनीकरण शामिल है।

इन सभी कार्यों के पूर्ण होने पर संबंधित क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से मुक्ति मिलेगी। महापौर सुनीता दयाल ने इस मौके पर कहा कि गाजियाबाद में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं और शहर के किसी भी क्षेत्र को उपेक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर तुरंत समाधान करने की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कई नागरिक लगातार उनसे मिलकर सड़कों, रोशनी और सफाई से संबंधित मुद्दे रखते हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाते हैं। इसी के तहत आज जिन कार्यों का शिलान्यास हुआ, उनकी निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम को तत्काल प्रारंभ कराया गया है।

महापौर ने कार्यक्रम के दौरान निगम के इंजीनियरों और ठेकेदारों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को मजबूत और सुंदर सड़कें चाहिएं। इसके लिए आवश्यक है कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ, समय पर और तकनीकी मानकों के अनुसार किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत जयघोष और फूलमालाओं से किया। उन्होंने शहर को कब्जा-मुक्त और साफ-सुथरा बनाने के लिए महापौर को बधाई दी। लोगों ने कहा कि शहर का बदलता स्वरूप अब साफ दिखाई दे रहा है और यह विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।

शिलान्यास समारोह में पार्षद सुभाष चौधरी, नितिन कुमार, सुमनलता पाल, राजीव डागर, जयवीर सिंह, प्रविन्द शर्मा, सोमपाल शर्मा, प्यारेलाल शर्मा, लीलू त्यागी, नितिन त्यागी, प्रवेश शर्मा, कालू, राजपाल राघव, शिवमोहन गर्ग, अरुण कुमार श्रीवास्तव, करुणा जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने महापौर को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से गाजियाबाद एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में उभर रहा है।