रॉबिंस एकेडमी मोरटी में वार्षिक समारोह 2025-26: बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम

-‘विविधता की प्रतिभा’ थीम पर रंगारंग कार्यक्रम, नन्हे-मुन्नों ने किया मन मोह लेने वाला प्रदर्शन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रॉबिंस एकेडमी, मोरटी, राजनगर एक्सटेंशन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ‘विविधता की प्रतिभा’ थीम पर शनिवार को आयोजित वार्षिक समारोह अत्यंत भव्य एवं आकर्षक रूप में संपन्न हुआ। यह रंगारंग कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन स्थित मधुबन बैंक्विट हॉल में आयोजित किया गया, जहां छात्रों की प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रॉबिंस एकेडमी के चेयरमैन श्री सुभाष अरोड़ा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय द्वारा वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन की तैयारी पिछले करीब दो महीनों से निरंतर अभ्यास के साथ की जा रही थी, ताकि मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास और प्रस्तुति दोनों ही उत्कृष्ट रूप में सामने आ सकें। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्प्रिंग वैली पब्लिक स्कूल की चेयरमैन विजय कटीयाल, ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन राजीव गर्ग एवं सेक्रेटरी ज्योत्सना गर्ग ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और मंगलमय बना दिया। रॉबिंस एकेडमी की प्रिंसिपल मीनाक्षी अरोड़ा, समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। ग्राम मोरटी, गाजियाबाद से कपिल त्यागी, सोनू त्यागी, रोहित त्यागी सहित महामाई जनकल्याण सेवा समिति, गाजियाबाद के अध्यक्ष श्री ललित कुमार दीक्षित भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी अभिभावकों का दिल जीत लिया। पंजाबी भांगड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रीय नृत्य, स्वागत एवं समापन की विशेष प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत कर दिया।

बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन और कला कौशल को देखकर दर्शक दीर्घा तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठी। इस अवसर पर निर्मन्यु दीक्षित की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन सुभाष अरोड़ा ने सभी मुख्य अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा से बढ़कर दुनिया में कुछ भी नहीं है। यदि व्यक्ति शिक्षित है, तो वह जीवन में हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। शिक्षा ही वह मूल मंत्र है, जो इंसान को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने सिकंदर महान का उदाहरण देते हुए कहा कि संसार की सारी दौलत अंत समय में किसी काम नहीं आती, केवल ज्ञान और शिक्षा ही ऐसी पूंजी है, जो बांटने से और बढ़ती है।

मुख्य अतिथियों ने भी रॉबिंस एकेडमी द्वारा आयोजित इस भव्य वार्षिक समारोह की सराहना की और बच्चों की अद्भुत प्रस्तुतियों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन श्री सुभाष अरोड़ा ने ग्राम मोरटी के सभी सहयोगी व्यक्तियों का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया और सहर्ष कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की। यह समारोह न केवल बच्चों की प्रतिभा का उत्सव बना, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक विविधता का भी सशक्त संदेश देकर गया।