के.डी.बी. पब्लिक स्कूल की अनूठी पहल, बच्चों ने सामुदायिक भोजन से सीखे मानवीय मूल्य

-पुष्पावती खेतान बाल विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ साझा किया भोजन, समानता और संवेदनशीलता का दिया सशक्त संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और सहयोग की भावना को विद्यार्थियों के जीवन में आत्मसात कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कवि नगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल द्वारा एक प्रेरणादायक सामुदायिक भोजन पहल का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभागार में आयोजित यह कार्यक्रम प्रेरणा सेवा संस्थान की परियोजना ‘स्वस्थ जीवन और स्वच्छता’ के अंतर्गत पुष्पावती खेतान बाल विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संयुक्त रूप से संपन्न हुआ। इस भावनात्मक और उद्देश्यपूर्ण आयोजन में कक्षा 6 के छात्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सहानुभूति, समानता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। आयोजन के दौरान बच्चों के लिए मनोरंजक एवं शैक्षिक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। खेलों के माध्यम से बच्चों को टीमवर्क, अनुशासन, परस्पर सम्मान और सौहार्द का व्यावहारिक संदेश दिया गया, जिससे आपसी दूरी मिटती दिखाई दी और एकता का भाव प्रबल हुआ।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्पावती खेतान बाल विद्यालय के सभी संरक्षित विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप आकर्षक खिलौने तथा एक-एक स्वास्थ्यवर्धक किट भेंट की गई। इसके उपरांत कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण तब आया, जब के.डी.बी. पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं संरक्षित वर्ग के बच्चे एक साथ बैठकर भोजन करते नजर आए। इस सामूहिक भोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भोजन केवल पोषण का साधन नहीं, बल्कि सम्मान, अपनत्व और समानता का प्रतीक भी है। यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को केवल पुस्तकीय शिक्षा तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें जीवन के वास्तविक मूल्यों से भी परिचित कराते हैं।

उन्होंने कहा कि पुष्पावती खेतान बाल विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ समय बिताना, उनके साथ खेलना और एक साथ भोजन करना सच्ची शिक्षा का जीवंत उदाहरण है, जो बच्चों के मन में संवेदनशीलता और करुणा का भाव विकसित करता है। इस अवसर पर विद्यालय की उप प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता दूबे ने भी विद्यार्थियों को समाज के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे सेवा और सहयोग से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने समाज सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।