KDB Public School में खेल भावना का उत्सव, निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल प्रतियोगिता-2025 का भव्य समापन

-रोमांचक फाइनल में के.डी.बी. पब्लिक स्कूल ने एस्टर पब्लिक स्कूल को हराकर खिताब किया अपने नाम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के.डी.बी. के प्रांगण में आयोजित त्रिदिवसीय सातवीं अंतरविद्यालयीय निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल प्रतियोगिता-2025 का शनिवार को अत्यंत हर्षोल्लास और खेल भावना के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना तथा खेल संस्कृति के महत्व को स्थापित करना रहा, जिसमें सभी विद्यालयों के खिलाडिय़ों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। समापन दिवस पर खेल मैदान में खिलाडिय़ों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन हुआ। पहले सेमीफाइनल में के.डी.बी. पब्लिक स्कूल और डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल, साहिबाबाद के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें के.डी.बी. पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए 3-1 से विजय प्राप्त कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में डी.पी.एस. मेरठ रोड और एस्टर पब्लिक स्कूल आमने-सामने रहे, जहां एस्टर पब्लिक स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।

तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में डी.पी.एस. मेरठ रोड और डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल के खिलाडिय़ों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें अंतत: डी.पी.एस. मेरठ रोड ने 1-0 से जीत हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबला के.डी.बी. पब्लिक स्कूल और एस्टर पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जो पूरे टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक और यादगार मैच साबित हुआ। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी और अंतिम क्षणों तक मुकाबला बराबरी का बना रहा। शानदार समन्वय, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए के.डी.बी. पब्लिक स्कूल ने एस्टर पब्लिक स्कूल को 1-0 गोल से पराजित कर प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रतियोगिता में के.डी.बी. पब्लिक स्कूल विजेता रहा, एस्टर पब्लिक स्कूल उपविजेता बना, डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल द्वितीय उपविजेता और डी.पी.एस. मेरठ रोड तृतीय उपविजेता रहा।

व्यक्तिगत श्रेणियों में एस्टर पब्लिक स्कूल के आर्यन को सर्वश्रेष्ठ गोलरक्षक, के.डी.बी. पब्लिक स्कूल के विराट को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा के.डी.बी. पब्लिक स्कूल के ध्रुव को सर्वाधिक गोलकर्ता का पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा एवं उपप्रधानाचार्या नम्रता दूबे ने विजेता टीम के.डी.बी. पब्लिक स्कूल को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा होती है, लेकिन मैदान में डटे रहना, अनुशासन बनाए रखना और अंत तक संघर्ष करना ही सच्ची जीत है। उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर प्रयासरत रहने और लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।

उपप्रधानाचार्या नम्रता दूबे ने भी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना, सहयोग और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल प्रतियोगिता-2025 न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन रही, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुई।