-आयुष्मान कार्ड से होगा शारदा केयर हॉस्पिटल में सम्पूर्ण इलाज
-कम खर्च में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं देने के उद्देश्य से ग्वालियर में आयोजित सीएमई कार्यक्रम, डॉक्टरों को दी गई विस्तृत जानकारी
उदय भूमि संवाददाता
ग्वालियर। दिल्ली एनसीआर में इलाज के लिए जाने वाले ग्वालियर अंचल के मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली स्थित शारदा हॉस्पिटल अब ग्वालियर के मरीजों के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद चिकित्सा विकल्प के रूप में उभर रहा है, जहां आयुष्मान भारत योजना के तहत समस्त सर्जरी और मेडिसिन विभागों में संपूर्ण इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी उद्देश्य को लेकर रविवार को ग्वालियर के होटल लैंडमार्क में एक कंटीन्यू मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्वालियर शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं मेडिकल प्रोफेशनल्स को शारदा केयर हॉस्पिटल की चिकित्सा सेवाओं, अत्याधुनिक सुविधाओं और आयुष्मान योजना के अंतर्गत उपलब्ध इलाज की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शारदा हॉस्पिटल, दिल्ली यूनिट से आए प्रतिनिधि गौरव पाण्डेय ने बताया कि शारदा केयर हॉस्पिटल एक नॉन-प्रॉफिटेबल हॉस्पिटल है, जिसका मुख्य उद्देश्य लाभ कमाना नहीं बल्कि कम खर्च में मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों, अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों और समर्पित मेडिकल स्टाफ की टीम के माध्यम से जटिल से जटिल बीमारियों का इलाज आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत किया जा रहा है। गौरव पाण्डेय ने कहा कि ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए दिल्ली एनसीआर जाते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई बार उन्हें आयुष्मान योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। शारदा हॉस्पिटल यह सुनिश्चित करता है कि आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को इलाज से लेकर सर्जरी, दवाइयों और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाओं तक संपूर्ण सुविधा एक ही छत के नीचे मिले। उन्होंने बताया कि यदि ग्वालियर या अन्य किसी स्थान से कोई मरीज दिल्ली में चिकित्सा सहायता चाहता है, तो वह सीधे शारदा केयर हॉस्पिटल से संपर्क कर सकता है। मरीज की यात्रा, भर्ती, जांच और इलाज से संबंधित सभी आवश्यक सहयोग अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मरीज और उसके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस सीएमई कार्यक्रम का आयोजन ग्वालियर में टी.एम. अनिकेत सेंगर एवं रवि शर्मा द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर शहर के डॉक्टरों को शारदा केयर हॉस्पिटल की सेवाओं से अवगत कराना है, ताकि वे जरूरतमंद मरीजों को सही मार्गदर्शन दे सकें और अधिक से अधिक मरीज आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाकर बेहतर इलाज प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों ने भी शारदा केयर हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नॉन-प्रॉफिट मॉडल पर आधारित ऐसे अस्पताल आज के समय की बड़ी जरूरत हैं, जहां आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी उच्च गुणवत्ता का इलाज मिल सके। डॉक्टरों ने इसे ग्वालियर और दिल्ली के बीच चिकित्सा सहयोग का एक सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि शारदा हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग सहित कई विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं और आयुष्मान योजना के अंतर्गत इन सभी विभागों में इलाज किया जाता है। अंत में आयोजकों ने विश्वास जताया कि शारदा केयर हॉस्पिटल की यह पहल ग्वालियर के मरीजों के लिए एक नई उम्मीद बनेगी और दिल्ली एनसीआर में इलाज को लेकर उनकी चिंताओं को काफी हद तक कम करेगी। इस तरह के प्रयास न केवल मरीजों को राहत देंगे, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और मानवीय बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
















