-कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश, दिव्यांग व्यक्ति को मिला त्वरित सहयोग
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ‘सभी के साथ सम्मान और प्रेमपूर्वक व्यवहार हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिले ‘-इसी भावना के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा शुक्रवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आमजन का प्रशासन पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना एवं शिकायत पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी महोदय ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और यह भी जाना कि संबंधित समस्या के समाधान हेतु पूर्व में कोई आवेदन दिया गया था या नहीं। उन्होंने सभी प्रार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां मौके पर जाकर ही समस्या का समाधान किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी अनिवार्य किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समाधान वास्तव में संतोषजनक है। जनसुनवाई के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का एक उदाहरण भी देखने को मिला। कांशीराम प्रताप विहार योजना निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति शंकर लाल ने रोजगार के लिए खोखा लगाने की अनुमति एवं सहयोग की गुहार जिलाधिकारी से लगाई थी। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए और दिव्यांग व्यक्ति की हरसंभव मदद सुनिश्चित की।
शुक्रवार को शंकर लाल ने पुन: उपस्थित होकर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने दिव्यांग व्यक्ति को भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न होने देने के लिए स्टाफ को आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश दिए और अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। साथ ही आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि दिव्यांग व्यक्ति को राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ज्योति मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई का उद्देश्य स्पष्ट रूप से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।

















