गौतमबुद्ध नगर में ‘मिशन चौकसी’ में आबकारी की पैनी नजर, कांवड़ मार्ग से शराब दुकानों तक निगरानी 

  • नियमों का उल्लंघन करने वाले अनुज्ञापियों पर आबकारी अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
  • शराब दुकानों पर शत-प्रतिशत मशीन आधारित बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश
  • दुकानों और कैंटीनों की जांच के साथ गोपनीय तरीके से बिक्री व्यवस्था भी परखी
  • आकस्मिक निरीक्षण से लेकर गोपनीय खरीद तक, नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई की तैयारी; हर दुकान की निगरानी मजबूत

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। कांवड़ यात्रा के दौरान शराब की अवैध बिक्री, ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने निगरानी और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षकों की टीमों ने जनपदभर में शराब की दुकानों, बार और उनसे जुड़ी कैंटीनों का सघन आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिक्री व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक, निर्धारित नियमों के अनुपालन और निगरानी व्यवस्था को परखा गया। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रवर्तन अभियान के तहत देशी शराब, मिश्रित दुकान, आदर्श दुकान, प्रीमियम खुदरा दुकान और बार अनुज्ञापनों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों के साथ संचालित कैंटीनों की भी गहन जांच की। इसके अलावा कई दुकानों पर गोपनीय खरीद कराकर यह भी परखा गया कि ग्राहकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही शराब उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर शनिवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, अखिलेश बिहारी वर्मा, सचिन त्रिपाठी, अभिनव शाही, नामवर सिंह, दीपेन्द्र सिंह और संजय चन्द्र की संयुक्त टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में विशेष रूप से बिक्री प्रक्रिया और दुकान संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया। विभाग का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है जिससे नियमों का उल्लंघन करने की संभावना न्यूनतम हो। निरीक्षण के दौरान देशी शराब की दुकानों के अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि काउंटर के समीप उपलब्ध सभी ब्रांडों को प्रदर्शित करते हुए ही शराब की बिक्री की जाए। इससे ग्राहकों को उपलब्ध ब्रांडों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और किसी विशेष ब्रांड की बिक्री के नाम पर अनियमितता की संभावना कम होगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शराब बिक्री में किसी प्रकार की मनमानी, निर्धारित व्यवस्था की अनदेखी या ग्राहक को भ्रमित करने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सभी शराब दुकानों पर लगे निगरानी कैमरों को वास्तविक समय में चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की रणनीति में निगरानी कैमरों को महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है, ताकि दुकान के भीतर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अधिकारियों ने विक्रेताओं को निर्देशित किया कि कैमरों की रिकॉर्डिंग व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विभागीय टीम निरीक्षण के दौरान यह भी देख रही है कि निगरानी कैमरे सही स्थिति में हैं या नहीं और उनकी रिकॉर्डिंग नियमित रूप से हो रही है या नहीं। शराब की बिक्री को पारदर्शी बनाने के लिए बिक्री केंद्र की मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट किया कि बिक्री का प्रत्येक लेन-देन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दर्ज होना चाहिए। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान बिक्री व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी मिलने पर तत्काल रिपोर्ट तैयार की जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इससे अवैध बिक्री और बिक्री संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। कांवड़ यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित शराब दुकानों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संबंधित दुकानों को पर्दे से ढककर नियमानुसार संचालित करने के लिए कहा गया है। विभाग का प्रयास है कि कांवड़ यात्रियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए आबकारी विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रख रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जांच और कार्रवाई की रणनीति अपनाई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि विभागीय निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अनुज्ञापियों और विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम और प्रचलित नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कराने में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शराब की दुकानों की निगरानी और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

विभागीय टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में आकस्मिक जांच करती रहेंगी और जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं है। जनपद में आकस्मिक निरीक्षण, गोपनीय खरीद और दुकानों की निगरानी का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान शराब बिक्री व्यवस्था को पूरी तरह नियमों के दायरे में रखने के लिए विभाग ने अपनी निगरानी व्यवस्था को और सक्रिय कर दिया है। सुबोध कुमार श्रीवास्तव की निगरानी में चल रहे अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ अधिकृत दुकानों पर भी निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।