नगर निगम की फर्जी पार्किंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

म्युनिसिपल कमिश्रर के आदेश पर हुई बड़ी कार्रवाई, जाली रसीद बुक भी बरामद

गाजियाबाद। नगर निगम की फर्जी पार्किंग की रसीद के जरिए बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और लोहा मंडी में मालवाहक वाहनों से वसूली का खेल चल रहा था। इस खेल का अब भंडाफोड़ हो गया है। नगर निगम की टीम ने मौके से 2 आरोपियों को दबोच कर कविनगर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी काफी समय से इस अनैतिक कार्य को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने बताया कि सुमित पुत्र देवकरन निवासी सिद्वार्थ विहार बागू विजय नगर और रोशन पुत्र हरि सिंह निवासी क्रिश्चय नगर बागू विजय नगर को रंगे हाथों पकड़ा गया है। दोनों नगर निगम की फर्जी रसीद के जरिए ऑटो, ट्रक आदि वाहनों से अवैध वसूली कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रवर्तन दल के देवेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, किशन पाल, अजय, सुधीर, हरीश, अनिल कुमार, इलियास अहमद आदि ने इस संबंध में शिकायत की है। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े होने वाले मालवाहक वाहनों से दोनों आरोपी फर्जी रसीद के जरिए अवैध रूप से वसूली करते थे। इसकी शिकायत मिल रही थी। नगर निगम द्वारा वहां पर पार्किंग संचालित नहीं की जा रही थी। एसपी सिटी से भी इसकी शिकायत की गई थी। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके साथी शैंकी पंडित निवासी बागू, अक्की निवासी बुलंदशहर, दीपू निवासी अशोक नगर, संजय निवासी बागू इस कार्य में सहयोग करते थे। फर्जी रसीद बुक मिली है। सुमित से 545 रुपए, वोटर आईकार्ड मिला है। नगर निगम के पार्किंग प्रभारी एवं कर निर्धारण अधिकारी संजीव सिन्हा की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उधर, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।