रोडवेज बस और टैंकर में टक्कर, 7 की मौत

घने कोहरे के कारण संभल में भीषण हादसा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में बुधवार को भीषण सड़क हादसा प्रकाश में आया। घने कोहरे के कारण उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) और गैस टैंकर में टक्कर हो गई। ऐसे में बस में सवार 7 यात्रियों की मौत हो गई। 25 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को घटनास्थल से हटाया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह हादसा बुधवार की सुबह करीब 10 बजे संभल के धनारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक घने कोहरे की वजह से यूपी रोडवेज की बस और गैस टैंकर में भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे। जिनमें से 7 यात्रियों की जान चली गई। बाकी 25 यात्री घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की खबर मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि गैस टैंकर अलीगढ़ की तरफ से मुरादाबाद जा रहा था। जबकि रोडवेज बस मुरादाबाद से अलीगढ़ की ओर जा रही थी। इस बीच मानकपुर की मढैया के समीप टैंकर ने गन्ने से लदी ट्रॉली से साइड लिया। घना कोहरा होने से चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया। उस समय टैंकर की स्पीड भी तेज थी और रोडवेज बस से टैंकर की सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव आया है। सुबह और रात के समय घना कोहरा पड़ रहा है। इस मौसम में सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।