‘प्रगति-2026’ में गूंजी बेटियों की आवाज, ‘मेरे बदलाव की कहानी’ और पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास व रचनात्मकता

-मीना मंच के माध्यम से बालिका सशक्तिकरण को नई दिशा
-पांच-पांच विद्यालयों से 60 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बालिका शिक्षा के अंतर्गत राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तरीय ‘प्रगति-2026: स्वाभिमान और सफलता की ओर’ कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पीएम श्री विद्यालय, कविनगर में किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक भोजपुर, लोनी, मुरादनगर, रजापुर और नगर क्षेत्र के पांच-पांच चयनित विद्यालयों से कुल 60 छात्र-छात्राओं ने अपनी सुगमकर्ता शिक्षिकाओं के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत 30 प्रतिभागियों ने ‘मेरे बदलाव की कहानी’ विषय पर अपने जीवन के अनुभवों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया। इन छात्राओं का चयन उनके द्वारा भेजे गए वीडियो के आधार पर किया गया था। वहीं शेष 30 प्रतिभागियों का चयन पोस्टर प्रतियोगिता के लिए उनकी बनाई गई कॉमिक्स के माध्यम से हुआ। पोस्टर प्रतियोगिता का विषय मीना मंच के अंतर्गत संचालित सत्रों से लिया गया। छात्र-छात्राओं ने ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर प्रभावशाली पोस्टर बनाकर अपनी भावनाओं को सशक्त अभिव्यक्ति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्या ज्योति दीक्षित तथा कार्यक्रम अध्यक्ष एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की सचिव डॉ. किरण गर्ग और साथी फाउंडेशन से काजल छिब्बर भी उपस्थित रहीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और शिक्षकों की प्रेरणा से यही बच्चे एक सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। डायट प्राचार्या ज्योति दीक्षित ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ‘मेरे बदलाव की कहानीÓ प्रस्तुत करने वाली सभी छात्राएं आत्मविश्वास से परिपूर्ण थीं। उन्होंने कहा कि मीना मंच ने बालिकाओं की सोच में सकारात्मक और क्रांतिकारी परिवर्तन किया है।

विद्यालय भ्रमण के दौरान छात्राएं अधिक मुखर दिखाई देती हैं, जो उत्साहजनक है, किंतु बालक और बालिकाओं के बीच संतुलित समन्वय भी आवश्यक है। डॉ. किरण गर्ग ने लंबे समय बाद इतने उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की और मीना मंच की प्रभावशीलता की सराहना की। काजल छिब्बर ने प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों प्रतियोगिताओं के चयनित पांच-पांच विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, रंग सामग्री किट और विद्यालय बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को स्टेशनरी, रंग सामग्री किट और सहभागिता प्रमाण पत्र दिया गया। साथ ही कुछ अभिभावकों, सुगमकर्ताओं, प्रत्येक ब्लॉक के जेंडर नोडल, जिला समन्वयकों एवं अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीएम विद्यालय, कविनगर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

ब्लॉक नोडल निशि ने ढपली के साथ महिला सशक्तिकरण पर मधुर गीत प्रस्तुत किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रजापुर की छात्राओं ने बैंड की धुन पर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कुणाल मुद्गल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विकास बघेल, जिला समन्वयक रुचि त्यागी, टिंकू कंसल, सिंपल चौधरी, अनुभव गुप्ता, कशिश त्यागी, सभी एसआरजी, समस्त ब्लॉक नोडल तथा निम्बस कंपनी से ब्रह्मपाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। जनपद नोडल बालिका शिक्षा पूनम शर्मा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।