पुलिस खेल महाकुंभ: अन्तरजनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम

-खेल प्रतियोगिताएं पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करती हैं: केशव चौधरी
– मेरठ जोन के आठ जनपदों के 145 प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्ण भाग
– भारोत्तोलन, योग व पावर लिफ्टिंग में गाजियाबाद व हापुड़ की टीमों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
– समापन पर विजेताओं को पदक व ट्रॉफी प्रदान, खेल भावना की सराहना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस मेरठ जोन की तृतीय अन्तरजनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 24 से 26 फरवरी तक रिजर्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट गाजियाबाद में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, योग तथा पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाडिय़ों ने शक्ति, संतुलन और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेरठ जोन के आठ जनपदों से आए लगभग 145 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं यातायात) राज करन नैय्यर द्वारा किया गया। प्रथम दिवस पर आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में पुरुष वर्ग में जनपद हापुड़ की टीम ने 137 अंक अर्जित कर विजेता स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में कमिश्नरेट गाजियाबाद की टीम 106 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रही।
द्वितीय दिवस पर योग एवं पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। योग प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की टीम ने 13 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में कमिश्नरेट गाजियाबाद की टीम 10 अंकों के साथ विजेता रही। पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में जनपद मुजफ्फरनगर, सहारनपुर एवं मेरठ की टीमों ने समान रूप से 24-24 अंक अर्जित कर संयुक्त विजेता का स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में जनपद हापुड़ की टीम ने 57 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। चैलेंज ट्रॉफी (चल वैजयन्ती) परिणामों में योग (पुरुष वर्ग) में कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर तथा योग (महिला वर्ग) में कमिश्नरेट गाजियाबाद विजेता रहे। भारोत्तोलन (पुरुष वर्ग) में जनपद हापुड़ और भारोत्तोलन (महिला वर्ग) में कमिश्नरेट गाजियाबाद ने बाजी मारी।
पावर लिफ्टिंग (पुरुष वर्ग) में मुजफ्फरनगर, सहारनपुर एवं मेरठ संयुक्त विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में जनपद हापुड़ विजेता रहा। प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/कानून व्यवस्था) केशव चौधरी द्वारा किया गया। समापन समारोह में विजेता खिलाडिय़ों एवं टीमों को पदक, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव चौधरी ने कहा कि पुलिस बल में शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन और अनुशासन अत्यंत आवश्यक गुण हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल फिटनेस को बढ़ावा देती हैं, बल्कि टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने खिलाडिय़ों की उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। तीन दिवसीय यह आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और पेशेवर दक्षता को मजबूत करने का कार्य किया। आयोजन की सफलता ने यह सिद्ध किया कि खेल गतिविधियां पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।