वैशाली सेक्टर- 1 के बद्रीनाथ पार्क में रंगों की छटा, शिक्षा मंदिर के होली मिलन समारोह में उमड़ा उत्साह

-मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने बच्चों को दी शुभकामनाएं
-पुंडीर फाउंडेशन ने वितरित की खाद्य सामग्री, कविता पाठ से सजा कार्यक्रम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1 स्थित बद्रीनाथ पार्क में सोमवार को शिक्षा मंदिर की संचालिका ममता गर्ग द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और रंगों की उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और बच्चों की बड़ी संख्या ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रंग-गुलाल और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ हुई। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने उपस्थित सभी लोगों को होली की बधाई दी और शिक्षा मंदिर में अध्ययनरत बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर शिक्षाविद दिनेश कुमार शर्मा ने कविता के माध्यम से होली के संदेश को प्रस्तुत किया। उनकी रचना ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और वातावरण में साहित्यिक रंग भी घोल दिया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और रंगों के इस पर्व का आनंद उठाया। समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटियार, शैलजा अग्रवाल, सविता शर्मा, राजेश तिवारी, इंदु तिवारी, अमित अरोड़ा, राहुल, गौरव, ज्योति, उषा और पूनम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सभी ने मिलकर होली की खुशियां साझा कीं और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पुंडीर फाउंडेशन की ओर से बच्चों को खाने-पीने की सामग्री वितरित की गई। इस पहल की सभी ने सराहना की और इसे सामाजिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण बताया। समापन पर सभी ने सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।