कड़ी सुरक्षा में अदा हुई अलविदा जुमे की नमाज, गाजियाबाद में शांति और सौहार्द कायम

-संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और ड्रोन से निगरानी, हर गतिविधि पर रही नजर
-एडिशनल सीपी राजकरन नैय्यर के नेतृत्व में विशेष सुरक्षा प्लान लागू
-सोशल मीडिया पर भी सख्ती, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रमजान माह के अंतिम शुक्रवार पर अलविदा जुमे की नमाज जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के दौरान पूरे शहर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा। अलविदा जुमे, आगामी ईद और नवरात्र को ध्यान में रखते हुए पहले से ही व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई थी। इसके तहत प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुबह से ही भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। नमाज के समय बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने खुद सड़कों पर उतरकर स्थिति का जायजा लिया और विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया गया।

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने नगर कोतवाली प्रभारी सचिन बालियान के साथ कैला भट्टा, जीटी रोड समेत कई क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर ने बताया कि जिले में विशेष सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि अलविदा जुमे को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई और लगातार पेट्रोलिंग की गई। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से ही शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना संभव हो पाया है। भविष्य में भी इसी तरह समन्वय बनाए रखते हुए हर परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। पुलिस-प्रशासन ने नागरिकों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के सहयोग से अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, जो जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल बनी।