-आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया मार्ग छह लेन में होगा विकसित
-ऐच्छर टी-प्वाइंट बंद कर नए यू-टर्न से दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
-धूलमुक्त सड़क और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए प्राधिकरण का मास्टर प्लान
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा की समस्या को दूर करने के लिए प्राधिकरण ने एक अहम फैसला लिया है। सेक्टर पाई-वन स्थित आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक जाने वाली सड़क को छह लेन का किया जाएगा। इसके साथ ही इस मार्ग पर स्थित ऐच्छर टी-प्वाइंट को बंद कर आसपास दो नए यू-टर्न बनाए जाएंगे। प्राधिकरण ने सर्वेक्षण के बाद इस परियोजना की तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही इसके लिए निविदा जारी की जाएगी। वर्तमान में यह सड़क चार लेन की है, लेकिन बढ़ते यातायात दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। योजना के तहत सेंट्रल वर्ज की चौड़ाई कम कर दोनों ओर एक-एक नई लेन जोड़ी जाएगी, जिससे सड़क छह लेन की हो जाएगी। इससे यातायात सुगम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के अनुसार, सड़क को धूल रहित बनाने के लिए इसके किनारे खाली पड़ी जमीन पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है, ताकि धूल उड़ने की समस्या को कम किया जा सके।
इस परियोजना के तहत ऐच्छर टी-प्वाइंट को बंद करने का भी निर्णय लिया गया है। वर्तमान में यहां बड़ी संख्या में वाहन चालक गलत दिशा में चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। खासकर साइट-4 स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल और औद्योगिक क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोग अक्सर नियमों का उल्लंघन करते हैं। टी-प्वाइंट बंद होने और दो यू-टर्न बनने से सेक्टर-36, 37, इकोटेक-1 और साइट-4 की ओर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म करने के लिए व्यस्त सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

















