-डॉ. आबिद एहसान की पहल से चिकित्सा शिक्षा को मिला नया आयाम
-मैक्स हॉस्पिटल वैशाली के वरिष्ठ चिकित्सक का सराहनीय प्रयास
-तंत्रिका रोग विज्ञान के बढ़ते महत्व को दर्शाती पुस्तक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली स्थित मैक्स हॉस्पिटल वैशाली के वरिष्ठ न्यूरो फिजियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आबिद एहसान द्वारा न्यूरोफिजि़योलॉजी विषय पर आधारित पुस्तक ‘मास्टिरिंग क्लिनिकल न्यूरोफिजियोलॉजी’ का प्रकाशन किया गया। यह पुस्तक चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों, तकनीशियनों और विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है। पुस्तक प्रकाशन के उपरांत डॉ. आबिद एहसान ने यह पुस्तक पूर्व चिकित्सक डॉ. मनोज गोयल को भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी प्रितपाल जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में तंत्रिका तंत्र से संबंधित रोगों की पहचान और उपचार में न्यूरोलॉजी तथा क्लिनिकल न्यूरोफिजि़योलॉजी की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस पुस्तक का निर्माण किया गया है, जिससे चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों और विशेषज्ञों को विषय की गहन समझ प्राप्त हो सके।
ब्लू रोज पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में तंत्रिका संचरण परीक्षण, मांसपेशी विद्युत परीक्षण तथा विभिन्न उद्दीप्त प्रतिक्रिया परीक्षणों जैसी महत्वपूर्ण जांच विधियों को सरल और व्यावहारिक भाषा में प्रस्तुत किया गया है। लेखक किरण, जो क्लिनिकल न्यूरोफिजि़योलॉजी क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, ने पुस्तक में वास्तविक चिकित्सकीय परिस्थितियों के उदाहरणों को शामिल किया है। इससे पाठकों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दक्षता विकसित करने में भी सहायता मिलती है।
विशेषज्ञों के अनुसार यह पुस्तक चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। आने वाले समय में यह न्यूरोफिजि़योलॉजी के विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक सिद्ध होगी। डॉ. आबिद एहसान की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि पूरे चिकित्सा समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत भी मानी जा रही है। ज्ञान को सरल रूप में उपलब्ध कराने की यह पहल चिकित्सा जगत में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
















