-पाइपलाइन विस्तार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बदलेगी तस्वीर, डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल जमीन पर
-जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने विभिन्न वार्डों में जलापूर्ति हेतु पाइपलाइन विस्तार कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही वार्ड-26 में नवनिर्मित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र लंबे समय से जल संकट की समस्या से जूझता रहा है, जिसे समाप्त करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन विस्तार योजना केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर जल’ अभियान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तेजी से लागू किया जा रहा है। उसी कड़ी में यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
अब टैंकर नहीं, घर-घर पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहले लोगों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी या टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सरकार की योजनाओं के माध्यम से घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र में पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी और हर नागरिक को नियमित तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं घोषित करना नहीं बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि खोड़ा पेयजल आपूर्ति योजना (प्रथम चरण) का शिलान्यास क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही जल समस्या का समाधान अब स्थायी रूप से किया जा रहा है और यह परियोजना जनहित में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर घर तक शुद्ध जल पहुंचे और नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का पूरा लाभ मिले।
प्राथमिक चिकित्सा केंद्र से स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
कार्यक्रम के दौरान वार्ड-26 में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया, जिसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराएगा और छोटी बीमारियों के इलाज के लिए अब दूर अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। नया प्राथमिक चिकित्सा केंद्र क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। मंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना नहीं बल्कि हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर उसका जीवन आसान, सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है।
स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं इसी सोच का हिस्सा हैं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, उपजिलाधिकारी अरुण दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम, डॉ. राकेश गुप्ता, ज्ञानेन्द्र मिश्र, शैलेंद्र सिंह (अधिशासी अधिकारी, खोड़ा-मकनपुर) सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के मजबूत होने से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान संभव होगा। खोड़ा-मकनपुर में शुरू हुई ये विकास योजनाएं न केवल बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाएंगी बल्कि क्षेत्र को संगठित शहरी विकास की दिशा में भी आगे ले जाएंगी। आने वाले समय में इन परियोजनाओं का सीधा लाभ हजारों परिवारों को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















