-मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों का भावनात्मक मिलन
-अनुभवों के आदान-प्रदान से मिला करियर मार्गदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर में रविवार को आयोजित एल्युमनी मीट-2026 ‘स्मृति अनुगूंज’ कार्यक्रम पूर्व छात्र-छात्राओं और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव तथा प्रेरणादायक संवाद का सशक्त मंच बनकर उभरा। महाविद्यालय की एल्यूमिनी एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के पूर्व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी पुरानी यादों को फिर से जीवंत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान छात्रों के बीच संवाद स्थापित करना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास को नई दिशा प्रदान करना रहा। बी.एड., एम.एड., बी.ए., बी.बी.ए., बी.सी.ए. और बी.कॉम पाठ्यक्रमों से जुड़े पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 11 बजे पंजीकरण प्रक्रिया से हुई, जिसके बाद पारंपरिक तिलक समारोह, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण इस प्रारंभ ने पूरे सभागार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह ने स्वागत भाषण में एल्यूमिनी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान उसके पूर्व विद्यार्थियों की सफलता से होती है। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों को एल्यूमिनी से प्रेरणा लेने और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का संदेश दिया। इसके पश्चात सचिव महोदय ने उद्घाटन संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, सकारात्मक सोच और मजबूत नेटवर्किंग को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि एल्यूमिनी किसी भी शैक्षणिक संस्थान की शक्ति होती है, जो अनुभव और मार्गदर्शन के माध्यम से नई पीढ़ी को आगे बढऩे की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों ने वातावरण को जीवंत बना दिया।
छात्रा रिया शर्मा द्वारा प्रस्तुत मधुर गीत ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। इसके बाद ‘ओपन माइक – एल्यूमिनी एक्सप्रेशन’ सत्र में पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने संघर्ष, सफलता और कॉलेज जीवन की यादों को साझा किया। एल्यूमिनी सदस्यों ने बताया कि महाविद्यालय में प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभवों ने वर्तमान विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के प्रति जागरूक किया और भविष्य के लिए स्पष्ट दिशा प्रदान की। छात्रा मोना शर्मा की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का नया संचार किया। वहीं वीडियो क्लिप्स के माध्यम से कॉलेज जीवन की पुरानी झलकियों को प्रस्तुत किया गया, जिसने पूर्व विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से अपने छात्र जीवन से जोड़ दिया। यह पल कई प्रतिभागियों के लिए यादगार साबित हुआ।
कार्यक्रम के समापन चरण में एल्यूमिनी एसोसिएशन के सदस्य भौमिक भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित ग्रुप फोटो सेशन ने इस मिलन समारोह को यादगार बना दिया। प्रतिभागियों से फीडबैक भी लिया गया ताकि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाया जा सके। समापन के अवसर पर सामूहिक जलपान एवं अनौपचारिक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जहां पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों ने आपसी अनुभव साझा करते हुए अपने संबंधों को और मजबूत किया।
इस दौरान करियर मार्गदर्शन, सहयोग और भविष्य में संयुक्त गतिविधियों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। एल्युमनी मीट-2026 केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह शिक्षा, स्मृतियों और प्रेरणा का ऐसा संगम बना जिसने पीढिय़ों के बीच संवाद को मजबूत करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नई राहें खोल दीं। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि संस्थान और उसके पूर्व विद्यार्थियों का संबंध समय के साथ समाप्त नहीं होता, बल्कि अनुभव और सहयोग के माध्यम से लगातार और मजबूत होता जाता है।

















