अवैध शराब माफिया पर आबकारी विभाग का शिकंजा, यूपी-हरियाणा की शराब बेचने वाले दो तस्कर गिरफ्तार

-रातभर चली छापेमारी और चेकिंग अभियान, बस स्टैंड व रेलवे लाइन के पास कार्रवाई
-सस्ती शराब को महंगे दामों में खपाने का खेल उजागर, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर रखा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा के नेतृत्व में टीम ने थाना बीटा-2 पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रविवार देर रात चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एनआरआई जीएच-1 बस स्टैंड के पास संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने एक युवक को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में उसकी पहचान अजय पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 पौवा दोस्ताना ब्रांड देशी शराब उत्तर प्रदेश मार्का (200 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 7.00 बल्क लीटर पाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से शराब बेच रहा था और रात के अंधेरे में ग्राहकों को अधिक दामों पर शराब उपलब्ध कराता था। आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध थाना बीटा-2 में संयुक्त प्रान्त आबकारी अधिनियम 1910 की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने तिलापता गोल चक्कर के पास रेलवे लाइन क्षेत्र में दबिश देकर दूसरे तस्कर अजय पुत्र किरण को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा मस्ताना ब्रांड देशी शराब हरियाणा मार्का (180 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 5.40 बल्क लीटर पाई गई।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब लाकर गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचता था। इस तरह वह अवैध लाभ कमाने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचा रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना सूरजपुर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे लाइन, औद्योगिक क्षेत्र और सुनसान स्थानों पर विशेष रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारों और विशेष अवसरों के मद्देनजर अवैध शराब की खपत बढ़ाने की कोशिश करने वाले तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग द्वारा प्राप्त सूचनाओं को गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही छापेमारी से अवैध कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।