दूधिया रोशनी से चमकेगा ग्रेटर नोएडा वेस्ट, पार्कों से सड़कों तक हाईमास्ट एलईडी मिशन शुरू

-ग्रेनो वेस्ट के प्रमुख सेक्टरों के पार्कों में लगेंगी हाईमास्ट एलईडी लाइट, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण पर जोर
-70 लाख की परियोजना से अंधेरे स्थान होंगे खत्म, आधुनिक रोशनी से बढ़ेगी शहर की चमक
-सूरजपुर-कासना मार्ग से इंडिया एक्सपो मार्ट तक सजावटी एलईडी लाइट से बदलेगा नाइट व्यू

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-12, टेकजोन-4 और नॉलेज पार्क-5 के पार्क जल्द ही एलईडी हाईमास्ट लाइट की दूधिया रोशनी से जगमग नजर आएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इन सेक्टरों के पार्कों और अंधेरे वाले स्थानों को चिन्हित कर हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए निविदा जारी कर दी है। एजेंसी चयन के बाद अगले एक से दो महीने में काम शुरू होने की संभावना है।

प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शहर में पहले से चिन्हित 40 से अधिक अंधेरे स्थानों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य जारी है। इसके साथ ही पार्कों में भी पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। ग्रेटर नोएडा ईस्ट के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और पी-3 समेत कई सेक्टरों के 100 से अधिक पार्कों में पहले ही हाईमास्ट एलईडी लाइट लगाई जा चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुराने समय में लगी सामान्य फ्लड लाइटों की रोशनी अब कम हो चुकी है, जिससे रात में पार्कों में घूमने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब आधुनिक एलईडी हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही हैं। इस परियोजना पर करीब 70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़क सूरजपुर- कासना सजावटी लाइट से जगमग होगी। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर पहले चरण में सूरजपुर क्राउन प्लॉजा होटल के पास से एलजी चौक तक सजावटी एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। कम रोशनी वाले स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। इस मार्ग पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है।

वहीं कासना से सिरसा गोलचक्कर भी पर्याप्त उजाला किया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा सभी प्रमुख सड़कों पर सजावटी लाइट लगाई जाएंगी। नॉलेज पार्क में इंडिया एक्सपो मार्ट के पास नासा पार्किंग गोलचक्कर के चारों तरफ भी सजावटी लाइट लगाई जाएगी। अधिकारी के मुताबिक पारंपरिक फ्लड लाइट की तुलना में एलईडी हाईमास्ट लाइट से बिजली खपत कम होती है और उजाला अधिक रहता है। ऐसे में उन सभी पार्कों में एलईडी हाईमास्ट लाइट लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जहां पर अभी सामान्य लाइटें लगी हुई हैं। ओएसडी अभिषेक पाठक ने बताया कि एलईडी हाईमास्ट लाइट से बिजली की खपत कम होगी और उजाला अधिक मिलेगा। वहीं, सूरजपुर-कासना मार्ग, एलजी चौक और इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास भी सजावटी एलईडी लाइट लगाने की तैयारी की जा रही है।