खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पाण्डेय के स्वागत में गाजियबाद ने बिछाए पलक-पांवड़े

-जनसमर्थन का अद्भुत दृश्य, उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह किया गया स्वागत

-21 सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने मंत्री का माल्यार्पण, स्मृति-चिन्ह एवं मुकुट पहनाकर सम्मानित किया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। यूपी के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज पाण्डेय रविवार को गाजियाबाद पहुंचे ताे कार्यकर्ताओं के साथ आम जन ने उनके स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिए। शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखाई दिया। जगह-जगह स्वागत द्वार, होर्डिंग, बैनर और कटआउट लगाए गए थे। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर व्यापारी, प्रबुद्धजन, युवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। शहर के नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पहुंचे तो पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय के आगमन पर जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सभागार खचाखच भर गया तथा बाहर भी हजारों लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मौजूद रहे। करीब 21 सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने उन्हें माल्यार्पण, स्मृति-चिन्ह एवं मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज पूरे देश के विश्वास का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। देश की जनता को यह पूर्ण विश्वास है कि भारत सुरक्षित हाथों में है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश न केवल सुरक्षित है, बल्कि विकास के नए आयाम भी स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां भारतीय जनता पार्टी को लगातार ऐतिहासिक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां देश की सीमाओं को सुरक्षित करने का कार्य किया है।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करते हुए नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, नए उद्योगों की स्थापना तथा सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित कर युवाओं में विश्वास का वातावरण तैयार किया है। आज गांव का गरीब युवा भी यह विश्वास करता है कि उसे योग्यता के आधार पर रोजगार एवं अवसर अवश्य प्राप्त होंगे। पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र, सनातन संस्कृति, गरीब, किसान एवं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। यही कारण है कि आज देश और प्रदेश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर निरंतर मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी पंकज शर्मा ने कहा कि उन्होंने सदैव लोगों को न्याय दिलाने, उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने तथा समाज सेवा को अपने जीवन का मूल उद्देश्य माना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, विधायक संजीव शर्मा एवं विधायक अजीत पाल त्यागी ने भी संबोधित किया।

खाद्य एवं रसद विभाग की मण्डलीय समीक्षा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

यूपी के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने रविवार को लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस, गाजियाबाद में खाद्य एवं रसद विभाग की मण्डलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेरठ मण्डल के विभिन्न जनपदों के खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में संयुक्त आयुक्त (खाद्य) मेरठ मण्डल राजन गोयल, सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी निश्चल आनन्द, जिला खाद्य विपणन अधिकारी गाजियाबाद/मेरठ कौशल देव, जिला पूर्ति अधिकारी गाजियाबाद अमित तिवारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी हापुड़ समरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी हापुड़ सीमा, जिला पूर्ति अधिकारी मेरठ विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी बुलंदशहर अभय सिंह, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी बुलंदशहर रवि प्रकाश, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी गौतमबुद्धनगर महिमा शुक्ला, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गौतमबुद्धनगर स्मृति गौतम आदि उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूँ खरीद की प्रगति की समीक्षा की गई। सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी ने अवगत कराया कि मेरठ सम्भाग में 51 हजार मीट्रिक टन गेहूँ खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 15 जून 2026 तक 36,453.98 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 71.48 प्रतिशत है।

बैठक में बताया गया कि जनपद गाजियाबाद में 2 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 1,779.94 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 88.97 प्रतिशत है। खरीदा गया समस्त गेहूँ भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के डिपो में भेजा जा चुका है।जनपद मेरठ में 7 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 6,119.65 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की गई, जो लक्ष्य का 87.42 प्रतिशत है। अधिकारियों ने बताया कि शेष 163.14 मीट्रिक टन गेहूँ को आगामी दो दिनों के भीतर एफसीआई डिपो में भेज दिया जाएगा। जनपद हापुड़ में 5 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 4,219.21 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 84.38 प्रतिशत है। अवशेष 164.39 मीट्रिक टन गेहूँ को शीघ्र ही एफसीआई डिपो में प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि जनपद बागपत में 5 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 3,051.37 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 61.03 प्रतिशत है। मंत्री ने गेहूँ खरीद, भंडारण तथा समयबद्ध प्रेषण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।