श्रीराम के नाम से सजेगा गाजियाबाद का प्रवेश द्वार, एलिवेटेड फ्लाईओवर पर 22 फीट की भव्य प्रतिमा बनेगी शहर की नई पहचान

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश
-श्रीराम सेतु पर बढ़ेगा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण, लाखों राहगीरों को होंगे प्रभु श्रीराम के दर्शन
-आधुनिक लाइटिंग और आकर्षक फिनिशिंग से निखरेगा प्रतिमा का स्वरूप, सौंदर्यीकरण अभियान को मिलेगी नई गति

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। एलिवेटेड फ्लाईओवर स्थित श्रीराम सेतु पर भगवान श्रीराम की 22 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यह प्रतिमा आने वाले समय में शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल होगी और गाजियाबाद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रतिमा स्थापना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रतिमा की संरचना, पेंटिंग, फिनिशिंग और आसपास के सौंदर्यीकरण कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले मार्ग पर पहले ही श्रीराम सेतु द्वार बनाया गया है। इसी क्रम में अब गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

लगभग 22 फीट ऊंची यह प्रतिमा अपनी आकर्षक डिजाइन और भव्य स्वरूप के कारण शहर में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड फ्लाईओवर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। प्रतिमा स्थापित होने के बाद यहां से गुजरने वाले लाखों लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिलेगा। यह केवल एक सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक भावनाओं को सम्मान देने का प्रयास है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतिमा के आसपास का क्षेत्र भी आकर्षक और व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय प्रतिमा की भव्यता और अधिक दिखाई दे, इसके लिए आधुनिक एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।

बेहतर लाइटिंग, सुंदर फिनिशिंग और आसपास के सौंदर्यीकरण से यह स्थान शहर का प्रमुख सेल्फी प्वाइंट और आकर्षण केंद्र बन सकता है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एलिवेटेड फ्लाईओवर पर श्रीराम सेतु को विशेष पहचान देने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर में ऐसे स्थान विकसित किए जाएं, जो नागरिकों को आकर्षित करने के साथ-साथ गाजियाबाद की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी दर्शाएं।

नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य लगातार जारी है। भगवान श्रीराम की यह भव्य प्रतिमा शहरवासियों के लिए आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी गाजियाबाद की नई पहचान बनेगी। श्रीराम सेतु पर स्थापित होने वाली यह प्रतिमा नगर निगम के सौंदर्यीकरण अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक आस्था, आधुनिक विकास और शहर की सुंदरता के संगम के रूप में दिखाई देगा।