राजनीति के कारण हाई-प्रोफाइल दंपति में दरार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मी के बीच भाजपा सांसद सौमित्र खान की पत्नी सुजाता मंडल ने सियासत को एकाएक चौंका दिया है। सुजाता ने भाजपा से किनारा कर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया है। पत्नी के इस कदम से सांसद सौमित्र खासे नाराज हो गए हैं। वह सुजाता को तलाक देने की तैयारी में हैं। चर्चा है कि सांसद दंपति के बीच काफी समय से मन-मुटाव चल रहा था। पारिवारिक कलह अब खुलकर सामने आ गई है। पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के मध्य सियासी खींचतान चल रही है। भाजपा ने टीएमसी के असंतुष्ट नेताओं को अपने पाले में ले लिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी एवं पूर्व परिवहन मंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम चुके हैं। उठा-पटक की इस कवायद में अब भाजपा खेमे को नुकसान पहुंचा है। भाजपा सांसद सौमित्र खान की पत्नी सुजाता मंडल ने भाजपा का साथ छोड़ टीएमसी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भाजपा छोडऩे के बाद सुजाता ने कहा कि वह तपशील जनजाति की दलित महिला हैं। उन्होंने भाजपा और अपने पति के लिए लड़ाई लड़ी थी। मुझे लगता है कि भाजपा में अब सिर्फ अवसरवादियों को जगह मिल रही है। काफी योगदान देने के बावजूद उन्हें भाजपा में कोई सम्मान नहीं मिला। अब हम सीएम ममता बनर्जी के नेतृत्व में लड़ेंगे। सुजाता मंडल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अभी भी भाजपा में मुख्यमंत्री पद के 6 और डिप्टी सीएम पद के 13 दावेदार हैं। राज्य में भाजपा नेतृत्व के बारे में पूछे जाने पर कोई जवाब नहीं मिलता है। उधर, सुजाता मंडल के टीएमसी में जाने से उनके पति और सांसद सौमित्र खान बेहद नाराज हैं। उन्होंने सुजाता को तलाक का नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है। इसके अलावा सुजाता के घर की सुरक्षा में लगे जवानों को भी हटा दिया गया है। बताया गया है कि सांसद दंपति के मध्य लंबे समय से मन-मुटाव चल रहा था। हालांकि दोनों का आपसी विवाद कभी सामने नहीं आया था।















