मेधा का भव्य सम्मान, वैश्य समाज ने प्रतिभाओं को दिया उड़ान का हौसला

-दसवीं-बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों के साथ यूपीएससी और चार्टर्ड अकाउंटेंसी परीक्षा में सफलता पाने वाली प्रतिभाओं का हुआ अभिनंदन
-ट्रांस हिंडन वैश्य समाज समिति के समारोह में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने शिक्षा को बताया सबसे बड़ा निवेश
-सम्मान पत्र, ट्रॉफी और उपहार देकर बढ़ाया बच्चों का उत्साह, अभिभावकों और समाज से मिला भरपूर आशीर्वाद

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में रविवार को शिक्षा, प्रतिभा और संस्कार का अनूठा संगम देखने को मिला। वैश्य समाज ट्रांस हिंडन समिति की ओर से दसवीं और बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में रविवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न केवल बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, बल्कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली आयुषी गुप्ता और चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले आदित्य मिश्रा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशांबी की पार्षद कुसुम गोयल, पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल तथा इंदिरापुरम के पार्षद धीरज अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ मौजूद रहे। उनके अलावा समिति की अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, सचिव पीयूष गुप्ता, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण वार्ष्णेय, उपाध्यक्ष सीमांत गुप्ता, विनोद गुप्ता और रेशु अग्रवाल सहित पूरी कार्यकारिणी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

संरक्षक महेश गोयल और सतीश गोयल की उपस्थिति ने समारोह को और गरिमामय बना दिया। समारोह में दसवीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों आदिश्री, कनिष्का, मानवी, नंदिका, नाविका, शगुन, आर्यन, आयान, अथर्व, कुणाल, सहज, तनुष और अन्यया तायल सहित अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों अक्षधा, अविषी, प्राची, प्रतिभा, प्रिया, रिद्धि, स्वर्णिका, युविका, आयुष, नमन, रुद्राक्ष, युगम, दीपांशु, सक्षम और कृषिव को भी सम्मान पत्र, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को केक पैकेट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली आयुषी गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और धैर्य सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी पूरी लगन से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंसी परीक्षा में सफलता पाने वाले आदित्य मिश्रा को भी उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ सम्मानित किया।

समिति के संरक्षक सतीश गोयल ने अपने संबोधन में वैश्य समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसके संस्कार और शिक्षित युवा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों के भीतर आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। आज जिन बच्चों को सम्मानित किया जा रहा है, वही आने वाले समय में समाज और देश का भविष्य तय करेंगे। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों पर केवल अंक लाने का दबाव न बनाएं, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करें। उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज यदि प्रतिभाओं का सम्मान करेगा तो नई पीढ़ी और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेगी।

पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और चरित्र से तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर परिश्रम करते रहें। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि वह मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढऩे का अवसर और प्रेरणा प्रदान करे। वैश्य समाज ट्रांस हिंडन समिति इसी दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। समारोह में इंदिरापुरम से किरण गुप्ता, अनुपम गुप्ता और संध्या विजयवर्गीय तथा वैशाली से पूनम, कविता, संध्या, सीमा, राखी और सरिता सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा सुपरटेक रेजिडेंसी सोसायटी के अध्यक्ष एस.पी. सिंह, सचिव राजा रमन और उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का प्रेरणादायी क्षण बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। समारोह का समापन सभी प्रतिभाओं के सामूहिक सम्मान, शुभकामनाओं और समाज में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संदेश के साथ हुआ।