मां के आंचल से प्रकृति की छांव तक, बच्चों ने लिखी हरियाली की कहानी

-कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में मिशन लाइफ के तहत विद्यार्थियों ने उत्साह से किया पौधारोपण, लगाए पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
-पौधा लगाना शुरुआत है, उसे वृक्ष बनने तक बचाना ही असली जिम्मेदारी: ऋतु चौधरी
-आज का पौधा आने वाली पीढिय़ों को देगा स्वच्छ हवा, छांव और सुरक्षित भविष्य: विवेक कुमार

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन से जोडऩे और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के ईको क्लब (मिशन लाइफ) अभियान के अंतर्गत शनिवार को चिपियाना स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधारोपण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधारोपण को केवल एक औपचारिक गतिविधि न मानते हुए इसे अपनी मां और प्रकृति के प्रति सम्मान से जोड़ा। बच्चों ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों की देखभाल करती हैं, उसी प्रकार पौधों की देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए। पौधारोपण करते समय विद्यार्थियों ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों को समझाई गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋतु चौधरी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल नहीं की गई तो पौधारोपण का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लगाए पौधे को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करना चाहिए।

पेड़ आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की नींव
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन विवेक कुमार ने कहा कि एक पेड़ केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव भी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में वृक्ष बनकर समाज को छाया, ऑक्सीजन और हरियाली प्रदान करेंगे। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। प्रधानाचार्य रितु चौधरी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायक है। मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ प्रकृति मां की रक्षा का संदेश भी इस अभियान में निहित है। विद्यार्थियों के माध्यम से यह संदेश परिवार और समाज तक पहुंचेगा तो पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक रूप से संकल्प लिया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, लगाए गए पौधों को संरक्षित रखने और अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रण लिया। विद्यालय परिसर में पौधारोपण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को प्रकृति से जोडऩे के साथ यह संदेश भी दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का अनूठा संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने और उन्हें वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प दोहराया।