शिवभक्तों की सेवा में समर्पित रोटरी क्लब, कांवड़ यात्रियों के लिए शुरू हुआ नि:शुल्क चिकित्सालय और विशाल भंडारा शिविर

-रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी और राष्ट्रीय समाज एवं धर्मार्थ सेवा संस्थान की संयुक्त पहल, 12 अगस्त तक चलेगा सेवा शिविर
-भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार, 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा, विश्राम और पैर धुलाई सहित अनेक नि:शुल्क सेवाओं की व्यवस्था 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन माह में भगवान भोलेनाथ के श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी एवं राष्ट्रीय समाज एवं धर्मार्थ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मोरटा स्थित मनन धाम मंदिर के सामने मेरठ रोड पर नि:शुल्क कांवड़ सेवा, चिकित्सालय एवं विशाल भंडारा शिविर का शुभारंभ किया गया। पिलर संख्या 705, 706 एवं 707 के निकट स्थापित यह सेवा शिविर 5 अगस्त से 12 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित रहेगा, जहां हजारों कांवड़ यात्रियों को चौबीसों घंटे विभिन्न नि:शुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए पैर धुलाई, विश्राम स्थ, जूता स्टैंड, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार तथा चौबीसों घंटे चिकित्सकीय सुविधा की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विशाल भंडारे में प्रतिदिन सात्विक भोजन, फल, छाछ और शरबत का वितरण किया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. डॉ. सुभाष जैन ने कहा कि सेवा ही रोटरी की पहचान है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में एक लाख से अधिक श्रद्धालु इस सेवा शिविर का लाभ उठा चुके हैं और इस वर्ष भी एक लाख से अधिक शिवभक्तों तक सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। क्लब अध्यक्ष रो. डॉ. अरुणा सिंघल ने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र ‘सेवा भाव’ इस शिविर के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने सभी रोटेरियन, युवा स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं के समर्पण की सराहना करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

शिविर में रोटरी क्लब के 25 से अधिक सदस्य, इंटरैक्ट क्लब के युवा स्वयंसेवक तथा राष्ट्रीय समाज एवं धर्मार्थ सेवा संस्थान के कार्यकर्ता दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। क्लब पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय समाज एवं धर्मार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष आचार्य राहुल चतुर्वेदी के विशेष सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व क्लब अध्यक्ष रो. भारती गर्ग, रो. आशीष गर्ग, रो. सारंग अग्रवाल, रो. रीना अग्रवाल सहित अनेक रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।