समस्याओं का निदान कराने के निर्देश
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। प्रकाश में आई समस्याओं का निदान कराने के निर्देश दिए गए। जिला उद्योग बंधु की बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार ने अवगत कराया कि नगर निगम से जुड़ी समस्याओं पर नियमित रूप से चर्चा हो रही है। पिछले दिनों नगरायुक्त के साथ भी बैठक की गई थी। सीडीओ अस्मिता लाल ने पुलिस अधीक्षक नगर (तृतीय) को निर्देशित किया कि ट्रोनिका सिटी में बढ़ाई गई पेट्रोलिंग के संबंध में आख्या उपलब्ध कराई जाए। ट्रोनिका सिटी में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने के संंबंध में डीएम की तरफ से यूपीएसआईडीसी के चेयरमैन को पत्र भेजा जाए। ट्रोनिका सिटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का पानी औद्योगिक इकाइयों को उपलब्ध कराने की बावत सप्ताहभर के भीतर अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ ने निवेश मित्र पर लंबित आवेदन पत्रों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी आवेदन पत्र लंबित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान उद्योग बंधुओं ने पीएनजी तथा विद्युत की बढ़ी दरों के संबंध में सवाल उठाए। इस पर सीडीओ ने कहा कि एसोसिएशन द्वारा विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए ताकि निर्णय के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जा सके। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का नियमित निस्तारण किया जाए।














