सीलिंग नोटिस से खफा हुए व्यापारियों ने की नोटिस रोकने की मांग

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण करने और अवैध निर्माण करने वालों पर सीलिंग की कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। इसी क्रम में जीडीए द्वारा व्यापारियों को भेजे गए नोटिस से व्यापारी नाराज हो गए है। मंगलवार को जीडीए सभागार मेंं जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के साथ महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बैठक की। मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद ने अवगत कराया कि व्यापारियों को आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधि करने पर जीडीए द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। मुख्य बाजार में ऑटो सर्विस सेंटर, वैंडिंग, वर्कशॉप, फैब्रिकेशन आदि कार्य क्षेत्रों में नहीं हो रहा है। बाजार में ऐसी कोई गतिविधि संचालित नहीं है। अध्यक्ष गोपीचंद ने अपर सचिव सीपी त्रिपाठी एवं जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल की मौजूदगी में नोटिस रोकने की मांग की। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि आवासीय क्षेत्र में कॉमर्शियल गति विधि संचालित नहीं होने पर किसी भी व्यापारी को नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीडीए सचिव संतोष कुमार राय छुट्टी पर चल रहे है। उनके लौटने के बाद वार्ता कर समस्या का समाधान किया जाएगा। व्यापारियों ने नोटिस जारी नहीं किए जाने की मांग रखते हुए समस्या का समाधान निकालने की मांग की। इसके अलावा जहां जरूरी है वहां पर भू-उपयोग परिवर्तन करने की मांग रखी। इस दौरान महामंत्री अशोक चावला, मार्बल व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन शर्मा, प्रांतीय युवा महामंत्री राज देव त्यागी, मार्बल व्यापार मंडल के महामंत्री हेमंत शर्मा उपस्थित रहे।