-सेक्टर-94 से एडवंट तक 11 किमी सड़क का होगा कायाकल्प, दूसरे चरण में 10 किमी और बढ़ेगी लंबाई
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने की दिशा में प्राधिकरण ने यमुना पुश्ता रोड को बेहतर और उपयोगी बनाने की तैयारी तेज कर दी है। एक्सप्रेसवे के समानांतर बनी करीब 11 किलोमीटर लंबी चार लेन की पुश्ता रोड की रिसर्फेसिंग का काम अगले सात दिनों में शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए सड़क की सफाई और गड्ढों से मिट्टी हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
सेक्टर-94 से एडवंट तक बनी इस सड़क पर जगह-जगह उगी घास और झाड़ियों को भी हटाया जा रहा है। सफाई का काम पूरा होने के बाद सड़क की रिसर्फेसिंग कराई जाएगी। पहले चरण में सड़क को बेहतर स्थिति में लाकर यातायात के लिए तैयार किया जाएगा। इस काम पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण की ओर से सिंचाई विभाग को करीब 11 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। काम की प्रगति के साथ शेष राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
दूसरे चरण में 10 किमी बढ़ेगी सड़क
रिसर्फेसिंग के बाद परियोजना के दूसरे चरण पर काम होगा। इसके तहत पुश्ता रोड को करीब 10 किलोमीटर आगे सेक्टर-150 तक बढ़ाया जाएगा। एडवंट से सेक्टर-150 तक बनने वाले इस हिस्से को लूप के माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। इस कनेक्टिविटी के तैयार होने के बाद नोएडा एक्सप्रेसवे और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले उन वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा, जिन्हें यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाना है। इससे वाहन सीधे एक्सप्रेसवे पर जाने के बजाय पुश्ता रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
200 करोड़ रुपये होंगे खर्च
पुश्ता रोड के विस्तार और निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। निर्माण शुरू करने से पहले सिंचाई विभाग पूरी परियोजना का डिजाइन तैयार कर प्राधिकरण को सौंपेगा। डिजाइन को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। प्राधिकरण की योजना है कि दोनों चरणों का काम पूरा होने के बाद पुश्ता रोड को एक्सप्रेसवे के समानांतर एक प्रभावी वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित किया जाए। इससे नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच यातायात का दबाव बांटने में मदद मिलेगी।















