-सीईओ के निर्देश पर आवासीय, औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्रों का निरीक्षण, झट्टा अंडरपास पर सुरक्षा के मद्देनजर रोका गया आवागमन
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति सामने आने के बाद नोएडा अथॉरिटी ने व्यवस्थाओं की निगरानी बढ़ा दी है। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर शनिवार को अधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचे और जलनिकासी से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा ने आवासीय, औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह, वर्क सर्किल-7 के वरिष्ठ प्रबंधक डीएल वर्मा, प्रबंधक मनीषा सिंह और संबंधित अवर अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन स्थानों को भी देखा, जहां बारिश के बाद जलभराव की शिकायतें सामने आई थीं।
झट्टा अंडरपास पर सुरक्षा बढ़ाई
भारी बारिश के कारण झट्टा अंडरपास के आसपास जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए अथॉरिटी की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंप चलाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई और अस्थायी तौर पर आवागमन रोक दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 का निरीक्षण करने पर मुख्य मार्गों पर जलभराव नहीं मिला। इसके अलावा सेक्टर-148, 150, 152 और ग्राम सफीपुर में भी अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति देखी। अधिकारियों के निरीक्षण के साथ सेक्टर-105 में सफाई और पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। सेक्टरवासियों और स्कूली बच्चों ने अभियान में हिस्सा लिया। सेंट्रल पार्क को गार्बेज मुक्त करने के दौरान करीब 160 किलो कचरा हटाया गया।
जलभराव पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
अथॉरिटी ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान और उसके बाद जलभराव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर टास्क फोर्स की मदद से जलनिकासी और अन्य समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा गया है। अथॉरिटी का फोकस बारिश के दौरान जलभराव से होने वाली परेशानी को कम करने और संवेदनशील स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर है।















