बिना शिक्षा के समाज का विकास असंभव: अरविंद चौधरी

प्रह्लादगढ़ी प्राथमिक विद्यालय में पार्षद ने 255 बच्चों को बांटा यूनिफार्म

गाजियाबाद। पारा गिरने के साथ ही लगातार ठंड बढऩे लगी है। लोगों के तन पर गर्म कपड़े आने लगे हैं वहीं दूसरी तरफ जनपद के परिषदीय स्कूलों में हजारों छात्र-छात्राओं को स्वेटर, जूते-जुराब नहीं बांटा गया। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बच्चे ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। यह स्थिति तब है जब मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने ठंड को देखते हुए सख्त आदेश दिया था कि सभी विद्यालयों में हरहाल में नवंबर के अंत तक स्वेटर, जूते-जुराब बांट दिया जाये। लेकिन मुख्यमंत्री के आदेशों से शिक्षा विभाग के अधिकारी बेसुध नजर आ रहें है।

वहीं मंगलवार को वसुंधरा वार्ड-36 के सेक्टर-18 स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रह्लादगढ़ी में पार्षद अरविंद चौधरी (चिंटू) द्वारा 255 बच्चों को नई यूनिफार्म एवं जूते-जुराब बांटा गया और बच्चों के परीक्षा में अच्छे नंबर आने पर उन्होने उपहार भी दिया गया। पार्षद अरविन्द चौधरी (चिन्टू) ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि इस विद्यालय को बेहतर विद्यालय बनाना, इसके लिए हम भरपूर प्रयास करेंगे। उन्होने कहा कि अभिभावकों को बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए रोज विद्यालय भेजना चाहिए।

पार्षद ने कहा यदि जीवन में सफल होना है, तो प्रेम, श्रद्धा, सम्मान और विश्वास जैसे शब्दों के मायनों को समझें और इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ व्यवहारिक बनें। देश का अच्छा नागरिक बनें। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की दिशा में सभी शिक्षक पहल करें। शिक्षा बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। शिक्षा से ही सफलता की मंजिल मिलती है। साथ ही शिक्षा मानवता का बोध कराती है। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रश्मि धपियाल, गनेशी लाल, नितिन त्यागी (अधिवक्ता), डॉ प्रवीण कुमार, भरत भूषण, पिंटू जाटव आदि उपस्थित रहे।