-सेक्टर-2 और 5 की पुलिया पर सजा सेवा शिविर, बड़ी संख्या में पहुंच रहे शिवभक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए वैशाली सेक्टर-2 और 5 की पुलिया पर पार्षद राधेश्याम त्यागी की ओर से कांवड़ सेवा कैंप लगाया गया है। कैंप में बड़ी संख्या में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवडि़ए पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं। क्षेत्र के निवासी भी तन-मन-धन से शिवभक्तों की सेवा में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में रविवार को पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कांवडिय़ों की सेवा में सहभागिता की। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। दूर-दराज से पैदल चलकर गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने शिविर में मौजूद कांवडिय़ों से बातचीत कर उनकी यात्रा और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे क्षेत्रवासियों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि वैशाली क्षेत्र में कांवडिय़ों के स्वागत और सेवा की परंपरा को स्थानीय लोग पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं। शिवभक्तों के लिए भोजन, विश्राम, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में क्षेत्र के लोग लगातार सहयोग कर रहे हैं। कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि इस सेवा शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि क्षेत्र के निवासी स्वयं आगे आकर कांवडिय़ों की सेवा कर रहे हैं। कोई भोजन की व्यवस्था में सहयोग कर रहा है तो कोई विश्राम और अन्य सुविधाओं का ध्यान रख रहा है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा में समाज की एकजुटता और श्रद्धा साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांवडिय़ों की सेवा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देती है।
क्षेत्रवासियों के सहयोग से शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवडिय़े को अपनापन और सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। वैशाली सेक्टर-2 और 5 की पुलिया स्थित कांवड़ सेवा कैंप में लगातार कांवडिय़ों का पहुंचना जारी है। लंबी यात्रा के बाद शिवभक्त यहां रुककर विश्राम कर रहे हैं और फिर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। सेवा शिविर में मौजूद कार्यकर्ता उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रख रहे हैं। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी शिवभक्तों की यात्रा मंगलमय करें और क्षेत्र में सुख-शांति बनाए रखें। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि कांवडिय़ों की सेवा का यह भाव पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।















