अपनों के बीच पहुंचे खब्बू तिवारी, कहीं आशीर्वाद तो कहीं कांवड़ियों पर बरसाए फूल

-देवापुर में 21 बटुकों के जनेऊ संस्कार में शामिल हुए पूर्व विधायक, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
-चौरे बाजार से बोल बम कांवड़ यात्रा को दिखाई हरी झंडी, शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर की मंगलमय यात्रा की कामना
-‘समाज और अपने लोगों के बीच रहना ही मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य’, सुख-दुःख में साथ खड़े रहने का जताया संकल्प

उदय भूमि संवाददाता
अयोध्या (गोसाईगंज)। गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी ‘खब्बू तिवारी’ लगातार क्षेत्रवासियों के बीच अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज करा रहे हैं। सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर वे लोगों से संवाद करने के साथ उनके सुख-दु:ख में सहभागी बन रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। देवापुर गांव में ग्राम प्रधान सदानंद तिवारी की ओर से 21 बटुकों के जनेऊ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पूर्व विधायक खब्बू तिवारी कार्यक्रम में शामिल हुए और वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता निभाई। उन्होंने सभी बटुकों को शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं में संस्कारों का विशेष महत्व है। जनेऊ संस्कार केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपने कर्तव्यों, अनुशासन और संस्कारों के प्रति जागरूक करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे आयोजनों में शामिल होना समाज और नई पीढ़ी से जुडऩे का अवसर भी प्रदान करता है।

चौरे बाजार से रवाना हुई बोल बम कांवड़ यात्रा
इसके बाद पूर्व विधायक चौरे बाजार के दक्खीनपारा चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने बोल बम कांवड़ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उन्होंने स्वागत किया और कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनकी मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना की। खब्बू तिवारी ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा, अनुशासन और श्रद्धा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा लेकर निकलने वाले कांवडिय़ों की सेवा और सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

‘लोगों के बीच रहना ही मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य’
पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी ‘खब्बू तिवारी’ ने कहा कि समाज और अपने लोगों के बीच रहना ही मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। क्षेत्र के लोगों के सुख-दु:ख में सहभागी बनना और सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में यथासंभव पहुंचकर उनके साथ खड़ा रहना मेरा निरंतर प्रयास रहा है। जनता से मेरा रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और परिवार जैसा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना जरूरी है। लोगों के बीच जाकर उनकी भावनाओं को समझने और उनके साथ खड़े होने से ही समाज और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता जारी रहेगी।कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पूर्व विधायक का स्वागत किया और उनसे विभिन्न विषयों पर बातचीत की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरभान सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सरयू दूबे, मंडल महामंत्री मनोज तिवारी, राकेश पांडेय एवं पूर्व प्रधान रंडौली राजित राम वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।