कांवडिय़ों की थकान मिटा रही 27 साल पुरानी सेवा, मोहन नगर बना शिवभक्तों का सहारा

-कैलाशवती इंटर कॉलेज में सजा शिविर, भोजन, विश्राम और स्नान से लेकर हर सुविधा का इंतजाम
-शेखर चौधरी समेत सैकड़ों सेवादार दिन-रात जुटे, कांवडिय़ों की सेवा को मानते हैं भोलेनाथ की सेवा
-हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच समिति ने मजबूत की व्यवस्थाएं, सेवा में नहीं आने दी जा रही कमी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए मोहन नगर स्थित कैलाशवती इंटर कॉलेज में शिव सेवा कांवड़ समिति की ओर से पिछले करीब 27 वर्षों से कांवड़ शिविर लगाया जा रहा है। इस शिविर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवडिय़ों के लिए खान-पान, ठहरने और स्नान सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं और कांवडिय़ों की जरूरत के अनुसार उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। शेखर चौधरी ने कहा कि पिछले करीब 27 वर्षों से शिव सेवा कांवड़ समिति लगातार शिवभक्तों की सेवा करती आ रही है। कांवडिय़ों की सेवा हमारे लिए केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शिविर में आने वाले कांवडिय़ों के लिए भोजन, ठहरने, स्नान और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। हमारा प्रयास है कि हर शिवभक्त लंबी यात्रा की थकान भूलकर यहां कुछ समय आराम कर सके और सुविधापूर्वक अपनी यात्रा पूरी कर सके।

समिति के सदस्य और सैकड़ों सेवादार दिन-रात सेवा में जुटे हैं और जब तक कांवड़ यात्रा चलेगी, सेवा का यह सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। शिविर में दूर-दराज से आने वाले कांवडिय़ों के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गई है। थकान दूर करने के लिए उनके ठहरने और आराम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही स्नान की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लंबी यात्रा के बाद शिवभक्तों को राहत मिल सके। समिति से जुड़े लोगों का कहना है कि कांवडिय़ों की सेवा को वह धार्मिक जिम्मेदारी के साथ पुण्य का कार्य भी मानते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शिविर में व्यवस्थाओं को बेहतर किया गया है। शिव सेवा कांवड़ समिति की ओर से कैलाशवती इंटर कॉलेज में यह शिविर करीब 27 वर्षों से लगाया जा रहा है। इतने लंबे समय से लगातार चल रही सेवा परंपरा अब क्षेत्र में आस्था और सेवा का प्रतीक बन चुकी है। समिति के सदस्य कांवडिय़ों की सुविधा का ध्यान रखने के साथ उनकी यात्रा को सहज बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

शिविर में पहुंचने वाले कांवडि़ए भी सेवा व्यवस्था की सराहना कर रहे हैं। समिति के सदस्यों के अनुसार उनका उद्देश्य है कि गाजियाबाद से गुजरने वाले किसी भी शिवभक्त को थकान और असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर की व्यवस्थाओं में शेखर चौधरी, आरपी सिंह, अनिल चौधरी, अमित दीक्षित, सचिन चौधरी, जयंत, आयुष, राहुल सिंह, नरेंद्र सिंह और सोहित सहित सैकड़ों सेवादार जुटे हुए हैं। कोई भोजन व्यवस्था संभाल रहा है तो कोई कांवडिय़ों के ठहरने और स्नान की व्यवस्था में सहयोग कर रहा है। सेवादारों का कहना है कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा के दौरान शिविर में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच सेवा का सिलसिला लगातार जारी है।