-हेड बॉय और हेड गर्ल समेत छात्र परिषद को सौंपे गए दायित्व
-नेतृत्व सम्मान नहीं, जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक: निवेदिता राणा
-बैज पहनाकर किया सम्मान, विद्यालय की परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित केडीबी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वरिष्ठ वर्ग के छात्र अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा, उप प्रधानाचार्या, शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्व सौंपे गए। प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और कर्तव्य के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ऐसे समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद या सम्मान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने भीतर नेतृत्व के गुण विकसित करने और विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह में श्रेष्ठ माथुर को हेड बॉय और साक्षी निगम को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। स्कंद गोयल को वाइस हेड बॉय तथा लावण्या गुप्ता को वाइस हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। आद्या को खेल कप्तान, वैभव प्रकाश को समन्वयक और शुभलक्ष्मी समल को सांस्कृतिक कप्तान नियुक्त किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के चारों सदनों के कप्तानों और प्रीफेक्ट्स की भी नियुक्ति की गई। संस्कार हाउस की कप्तान आरती पाल, सद्भावना हाउस की अनन्या सैनी, संस्कृति हाउस की श्रेया द्विवेदी तथा सत्कर्म हाउस के स्पर्श सेठी को सदन कप्तान का दायित्व सौंपा गया।
प्रधानाचार्या और उप प्रधानाचार्या ने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी चयनित विद्यार्थियों को अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ करने की शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की परंपराओं, अनुशासन और मूल्यों को आदर्श बनाए रखने तथा अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।















