उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी ने ई-निविदा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब अथॉरिटी की निविदाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण कार्रवाई प्रहरी पोर्टल के जरिए की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत निविदा में शामिल होने वाले ठेकेदारों और निविदाकारों को पहले प्रहरी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अब तक अथॉरिटी की निविदाओं में भाग लेने के लिए निविदाकार सीधे एनआईसी के ई-निविदा पोर्टल का इस्तेमाल करते थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब निविदाकार को पहले प्रहरी पोर्टल पर अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी और इसके बाद एनआईसी पोर्टल पर आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।
प्रहरी पोर्टल पर मिलेगा ई-1 पत्रक
अथॉरिटी के अनुसार, निविदा जमा करने के बाद ई-1 (मूल्यांकन) पत्रक भी प्रहरी पोर्टल के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। निविदाकार को प्रहरी पोर्टल से प्राप्त ई-1 पत्रक को आगे एनआईसी के ई-निविदा पोर्टल पर जमा करना अनिवार्य होगा। यानी दोनों पोर्टल के बीच प्रक्रिया को आपस में जोड़ा गया है, ताकि निविदा से जुड़े दस्तावेजों की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन तरीके से पूरी हो सके।
तकनीकी निविदा का मूल्यांकन भी प्रहरी पर
नई व्यवस्था में निविदाकारों की तकनीकी निविदा का मूल्यांकन केवल प्रहरी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इससे तकनीकी दस्तावेजों की जांच और मूल्यांकन की प्रक्रिया को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जा सकेगा।
अथॉरिटी का मानना है कि नई व्यवस्था से निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और दस्तावेजों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। साथ ही, निविदाकारों की जानकारी, दस्तावेज और तकनीकी मूल्यांकन को ऑनलाइन रिकॉर्ड में रखने से प्रक्रिया की निगरानी भी आसान होगी।
नई व्यवस्था के तहत अब ठेकेदारों और अन्य निविदाकारों को प्रहरी पोर्टल पर पंजीकरण के साथ इसकी प्रक्रिया को समझना और निर्धारित चरणों का पालन करना होगा। अथॉरिटी का यह कदम ई-निविदा व्यवस्था को अधिक डिजिटल, पारदर्शी और सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















