राजनीतिक पार्टी का ऐलान करने से साफ इंकार
नई दिल्ली। सुपरस्टार रजनीकांत का मन एकाएक बदल गया है। उन्होंने सियासी पारी शुरू करने से इंकार कर दिया है। तमिलनाडु की राजनीति में रजनीकांत की एंट्री की संभावनाएं समाप्त हो गई हैं। राजनीतिक दल की घोषणा करने से वह पीछे हट गए हैं। इससे तमिल की सियासत में चर्चाओं का बाजार गरमा गया है। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत ने कुछ समय पहले कहा था कि वह 31 दिसम्बर को अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर देंगे। उन्होंने तमिलनाडु के विधान सभा चुनाव में उतरने की तैयारियां भी आरंभ कर दी थीं। इस बीच रजनीकांत का इरादा यकायक बदल गया है। 70 साल के रजनीकांत ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर कहा कि चुनावी राजनीति में शामिल नहीं होंगे। रजनीकांत ने कहा कि चुनावी राजनीति में आए बगैर वह जनसेवा करेंगे। सुपरस्टार रजनीकांत की तरफ से इस संबंध में बयान जारी किया गया है। बयान में उन्होंने कहा कि मैं बेहद दुख के साथ कह रहा हूं कि मैं राजनीति में नहीं आ सकता। मुझे ही पता है कि यह घोषणा मैं कितने दुखी मन से कर रहा हूं। मेरे इस फैसले से फैंस और नागरिकों को निराशा होगी, मगर कृपया मुझे माफ कर दें। बता दें कि पिछले सप्ताह रजनीकांत की तबीयत बिगड़ गई थी। हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अपनी फिल्म अन्नाथे की शूटिंग के लिए हैदराबाद में हैं। इस बीच उन्हें हाई बीपी की शिकायत हो गई थी। अपोलो अस्पताल में उपचार के बाद सेहत में सुधार होने पर उन्हें रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। फिल्म की शूटिंग के सैट पर 8 क्रू मैंबर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। ऐसे में रजनीकांत का भी कोरोना टेस्ट कराया गया था, मगर उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव मिली थी।
















